Google Analytics —— Meta Pixel

बाउंड्रीवाल से बंद हुआ मुक्तिधाम का रास्ता, शव ले जाने में आई अड़चन; प्रशासन ने खुलवाया

तखतपुर के डोमनपुर में बाउंड्रीवाल के कारण मुक्तिधाम का रास्ता बंद हो गया। शव ले जाने में परेशानी के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाया।

तखतपुर। ग्राम पंचायत डोमनपुर में मुक्तिधाम तक पहुंचने वाले रास्ते को लेकर विवाद सामने आया। निजी जमीन पर बाउंड्रीवाल किए जाने के कारण ग्रामीणों को शव को मुक्तिधाम तक ले जाने में परेशानी हुई। रास्ता बंद होने की सूचना पर ग्रामीणों ने तहसीलदार और थाना प्रभारी से मदद की मांग की। सूचना मिलने पर तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से चर्चा के बाद प्रशासन ने तत्काल रास्ता खुलवाया, जिसके बाद शव को मुक्तिधाम पहुंचाकर अंतिम संस्कार कराया गया।

ग्रामीणों ने 100 साल पुराना रास्ता होने का किया दावा

ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि विजय जायसवाल ने बताया कि मुक्तिधाम तक जाने वाले रास्ते का ग्रामीण करीब 100 वर्षों से निस्तारी और अंतिम संस्कार के लिए उपयोग करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि रास्ते पर कई बार कब्जा कर बाउंड्रीवाल किए जाने से ग्रामीणों को परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि इस रास्ते को स्थायी रूप से निस्तारी और अंतिम संस्कार के लिए खुला रखा जाए।

परंपरागत मेड़ के रास्ते को लेकर विवाद

तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला के अनुसार, मुक्तिधाम से लगी जमीन निजी है। ग्रामीण लंबे समय से निजी जमीन से लगी परंपरागत मेड़ के रास्ते से शव को मुक्तिधाम तक ले जाते रहे हैं। भूमि स्वामी द्वारा रास्ता बाधित कर बाउंड्रीवाल किए जाने के कारण अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने में परेशानी हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से चर्चा की और तत्काल रास्ता उपलब्ध कराया। इसके बाद शव को मुक्तिधाम ले जाकर अंतिम संस्कार कराया गया।

जमीन मालिक ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

निजी जमीन के मालिक हितेश चंद्राकर ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि संबंधित जमीन उनकी निजी संपत्ति है और पूर्व में उनके खिलाफ बेजा कब्जा संबंधी मामला चला था, जिसमें वे जीत चुके हैं। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के ग्रामीणों और प्रशासनिक अमले ने उनकी जमीन की बाउंड्रीवाल तोड़कर रास्ता बना दिया। उन्होंने मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

स्थायी समाधान की मांग

प्रशासन के हस्तक्षेप से तत्काल रास्ता खुलने के बाद शव का अंतिम संस्कार तो करा दिया गया, लेकिन निजी जमीन से होकर मुक्तिधाम तक जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए रास्ते का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!