Google Analytics —— Meta Pixel

ईरान ने UN पर कसा तंज, हिंदी सिनेमा के मशहूर किरदार ‘ठाकुर’ से की तुलना, पूछा- जब दोषी पर एक्शन नहीं तो महासभा में स्पीच का क्या मतलब ?

Iran Targets UN: दुनियाभर में जारी युद्धों और संघर्षों के बीच संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ईरान ने UN की निष्क्रियता पर बड़ा तंज कसते हुए उसकी तुलना हिंदी सिनेमा के मशहूर किरदार ‘ठाकुर’ से की है। ईरान का यह तीखा व्यंग्य ऐसे समय में सामने आया है, जब दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में करीब 50 मोर्चों पर छोटे-बड़े संघर्ष जारी हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापित करने की जिम्मेदारी उठाने वाला संयुक्त राष्ट्र बेबस नजर आ रहा है। दरअसल, बीते सितंबर महीने में जब ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने न्यूयॉर्क पहुंचे थे, तब उनका भाषण पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना था। पेजेश्कियान ने अपने संबोधन में ईरान पर हुए अमेरिकी हमलों को सीधे तौर पर आतंकी कार्रवाई करार दिया था और अमेरिकी सेना को मासूमों का हत्यारा बताया था।

यह भी पढ़ें:- CGPSC मेंस रिजल्ट को लेकर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- सिर्फ शक के आधार पर री-इवैल्यूएशन नहीं

इस कड़े भाषण और गंभीर आरोपों के बाद भी यूएन की ओर से कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया। इसी को लेकर ईरान ने सवाल उठाया है कि जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर किसी दोषी देश पर कोई कार्रवाई ही नहीं होनी है तो फिर ऐसी महासभा में भाषण देने का क्या मतलब रह जाता है? ईरान की नाराजगी और यूएन की कार्यशैली को समझाने के लिए भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बेहद तीखा मीम शेयर किया है। स्कूल की किताबों में संयुक्त राष्ट्र संघ को एक ऐसे ताकतवर संगठन के रूप में दिखाया जाता है, जिसके बारह हाथ हैं और वह दुनिया को नियंत्रित करता है, लेकिन जमीनी हकीकत फिल्म ‘शोले’ के मशहूर किरदार ठाकुर जैसी है। यानी जिसके हाथ नहीं हैं और जो चाहकर भी कुछ नहीं कर सकता। (Iran Targets UN)

यूएन की चुप्पी पर क्यों भड़का है ईरान ?

ईरान पर इजरायल और अमेरिका की ओर से लगातार हमले किए गए हैं, जिसे संप्रभुता पर सीधा दखल माना जा रहा है। इन हमलों में ईरान के कई ऊर्जा और सैन्य ठिकाने तबाह हो चुके हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट और तेल बाजार में उथल-पुथल की आशंका बढ़ गई है। इसके बावजूद यूएन की तरफ से सिर्फ खानापूर्ति के रूप में मामूली आपत्तियां दर्ज कराई गईं और इसके बाद वह पूरी तरह चुप बैठ गया। यूएन चार्टर के तहत संस्था को दुनिया में शांति बनाए रखने के असीमित अधिकार दिए गए हैं, लेकिन जानकारों का मानना है कि वैश्विक महाशक्तियों के दबाव के आगे यह संस्था लाचार साबित होती रही है। अनुच्छेद 24 के मुताबिक सदस्य देश सुरक्षा परिषद को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की प्राथमिक जिम्मेदारी सौंपते हैं। अनुच्छेद 39 के अनुसार सुरक्षा परिषद यह तय करती है कि वैश्विक स्तर पर कोई स्थिति शांति के लिए खतरा है या नहीं।

UN के पास अधिकार हैं, फिर भी लाचार क्यों ?

अनुच्छेद 40 हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए युद्धविराम और सेना की वापसी की मांग करने का अधिकार देता है। वहीं अनुच्छेद 42 में कूटनीतिक और शांतिपूर्ण उपाय पर्याप्त न हों तो संयुक्त राष्ट्र को सैन्य कार्रवाई करने तक का पूर्ण अधिकार प्राप्त है। भले ही संयुक्त राष्ट्र के पास चार्टर के जरिए शांति बहाल करने, युद्ध रोकने और यहां तक कि अपनी पीसकीपिंग फोर्स के जरिए सैन्य हस्तक्षेप करने के अधिकार मौजूद हों, लेकिन हालिया इतिहास गवाह है कि यूएन कभी भी अपने इन अधिकारों का पूरा और निष्पक्ष इस्तेमाल नहीं कर पाया है। ईरान के इस ताजा तंज ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर यह बहस छेड़ दी है कि क्या मौजूदा दौर में यूएन अपनी प्रासंगिकता खो चुका है ? 

ईरान का यह तंज सिर्फ एक सोशल मीडिया मीम या मजाक भर नहीं है, बल्कि यह वैश्विक कूटनीति में बदलते तौर-तरीकों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं पर उठ रहे गहरे असंतोष का प्रमाण है। आज जब दुनिया के मंच पर युद्ध रोकने और शांति स्थापित करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संयुक्त राष्ट्र के कंधों पर है, तब उसकी यह कथित लाचारी और चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े करती है। जब तक वैश्विक महाशक्तियों के प्रभाव और राजनीतिक हितों के दायरे से निकलकर संयुक्त राष्ट्र अपने चार्टर में प्रदत्त अधिकारों का निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से इस्तेमाल नहीं करेगा, तब तक कागजी ताकत और जमीनी हकीकत के बीच का यह अंतर यूं ही बना रहेगा। ईरानी दूतावास का यह मीम इस बात का साफ संकेत है कि दुनिया के कई देश अब अंतरराष्ट्रीय संगठनों की दोहरी और बेबस भूमिका से तंग आ चुके हैं और आने वाले समय में वैश्विक मंचों पर यूएन की कार्यप्रणाली को लेकर दबाव और ज्यादा बढ़ने वाला है। (Iran Targets UN)

Back to top button
error: Content is protected !!