Google Analytics —— Meta Pixel

भाई को सिलबट्टे से मार डाला, फिर सोने चली गई बहन! छत्तीसगढ़ में खौफनाक हत्याकांड का खुलासा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाई-बहन के रिश्ते को शर्मसार करने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेंड्री में एक महिला ने कथित तौर पर सिलबट्टे से वार कर अपने ही भाई की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी बहन ने खुद आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की सूचना दी और फिर सोने चली गई। शुरुआत में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का लग रहा था, लेकिन पुलिस की पूछताछ में हत्या की गुत्थी सुलझ गई। पुलिस ने आरोपी महिला धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया है।

घर के बिस्तर पर खून से लथपथ मिला भाई का शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धर्मेंद्र पाल के रूप में हुई है। घटना की सुबह उसकी बहन धन्नी धनकर ने घर में धर्मेंद्र को बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में देखा। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद महिला ने आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने मृतक की बहन से पूछताछ की तो घटनाक्रम की परतें खुलने लगीं।

शराब पीकर घर में करता था विवाद, पहले भी हो चुके थे झगड़े

पूछताछ में आरोपी धन्नी धनकर ने बताया कि उसका भाई धर्मेंद्र पाल शराब पीने का आदी था। वह अक्सर नशे की हालत में घर लौटता था और विवाद करता था। दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़े और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात भी धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा था। बाद में वह नशे की हालत में बिस्तर पर सो गया। आरोप है कि इसी दौरान बहन ने सिलबट्टे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण धर्मेंद्र की मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद दी पुलिस को सूचना

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने किसी अन्य व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताने की कोशिश की। इसके बाद उसने खुद आसपास के लोगों और पुलिस को भाई की मौत की जानकारी दी। हालांकि, पुलिस की पूछताछ और जांच के दौरान उसके बयान संदिग्ध पाए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पति से अलग रह रही थी आरोपी महिला

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी धन्नी धनकर शादी के बाद अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। वहीं, मृतक धर्मेंद्र पाल की पत्नी भी अपने मायके में रह रही थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। शराब की लत और पारिवारिक विवाद के बीच एक भाई की जान चली गई और हत्या के आरोप में उसकी अपनी बहन सलाखों के पीछे पहुंच गई।

Back to top button
error: Content is protected !!