BJP ने बंगाल-उत्तराखंड के लिए घोषित किए राज्यसभा उम्मीदवार, महाराष्ट्र MLC चुनाव के लिए भी उतारे प्रत्याशी
BJP Rajya Sabha Candidates : भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा उपचुनाव और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की रिक्त राज्यसभा सीटों के लिए नाम तय कर दिए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए भी तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
उत्तराखंड से दिनेश आर्य, बंगाल से कोयल मल्लिक को टिकट
बीजेपी ने उत्तराखंड से वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। वहीं पश्चिम बंगाल की रिक्त सीट से अभिनेत्री कोयल मल्लिक को मैदान में उतारा गया है। (BJP Rajya Sabha Candidates)
कोयल मल्लिक पहले तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने इसी साल जुलाई में राज्यसभा की सदस्यता और टीएमसी से इस्तीफा दिया था। इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गई थीं। अब पार्टी ने उन्हें उसी रिक्त सीट से राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।
अप्रैल में बनी थीं राज्यसभा सांसद
कोयल मल्लिक ने इसी साल 6 अप्रैल को टीएमसी की ओर से राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली थी। हालांकि, करीब तीन महीने बाद 16 जुलाई को उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने टीएमसी से भी नाता तोड़ लिया और बीजेपी में शामिल हो गईं।
पश्चिम बंगाल की इस सीट पर अब बीजेपी ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं उत्तराखंड में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
महाराष्ट्र MLC चुनाव के लिए तीन नाम घोषित
बीजेपी ने महाराष्ट्र विधान परिषद के आगामी चुनाव के लिए भी तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
पार्टी ने जिन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, वे हैं—
- डॉ. स्मिता योगेश जाधव — पुणे विभाग, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- सुधाकर विट्ठलराव कोहले — नागपुर विभाग, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- कौस्तुभ मुरलीधर गावड़े — पुणे विभाग, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव
राज्यसभा की कुल 12 सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीटें और उत्तराखंड तथा पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल हैं। इन सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना होगी।
राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं, जिनमें वर्तमान में 242 सीटें भरी हुई हैं और तीन सीटें रिक्त हैं। बीजेपी के पास फिलहाल 116 सांसद हैं। पार्टी की ओर से राज्यसभा की अन्य सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम भी जल्द घोषित किए जाने की संभावना है। (BJP Rajya Sabha Candidates)



