Google Analytics —— Meta Pixel

मिर्च की बोरियों के बाद अब खाली बोतलों की आड़ में गांजा तस्करी का खेल, ओडिशा से UP जा रही थी करोड़ों की खेप

Ganja Smuggling in Jashpur: छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस बीच जशपुर जिले में पुलिस ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों का गांजा जब्त किया है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक मिनी ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली शराब की बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मिनी ट्रक में गांजे की खेप लेकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक, दो मोबाइल और 3 हजार रुपए नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक पूरी जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में सामान्य से ज्यादा बारिश, फिर भी कई जिले सूखे, कहीं 165% बरसा पानी तो कहीं 75% भी नहीं

जानकारी के मुताबिक 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रहे मिनी ट्रक को पुलिस ने शक के आधार पर रोका। ट्रक के ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी हुई थीं। पहली नजर में ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन जैसा दिखाई दे रहा था। पुलिस टीम ने जब ऊपर रखी बोरियों को हटाकर नीचे रखे सामान की तलाशी शुरू की तो उन्हें कुछ पैकेट संदिग्ध लगे। जांच करने पर इन पैकेटों को टेप से लिपटा हुआ पाया गया। पैकेट खोलने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। (Ganja Smuggling in Jashpur)

20 बोरियों में मिले 597 पैकेट

पुलिस की तलाशी में कुल 20 बोरियों से टेप से लिपटे 597 पैकेट बरामद किए गए। इन सभी पैकेटों का वजन करने पर कुल 632 किलो 380 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने वाहन चालक विनोद कुमार गुप्ता से वाहन और माल से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों ने गांजे को सीधे ट्रक में रखने के बजाय उसे बोरियों में पैक कर टेप से लपेटा था। इसके ऊपर खाली शराब की बोतलों से भरी बोरियां रख दी गई थीं। इस तरह ट्रक में ऊपर से देखने पर खाली बोतलों का सामान दिखाई दे रहा था, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। (Ganja Smuggling in Jashpur)

ओडिशा से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जानी थी खेप

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से खरीदा गया और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किस व्यक्ति को की जानी थी। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए है। वहीं जब्त मिनी ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। नकद राशि को मिलाकर कुल जब्ती करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए की है। लावाकेरा बैरियर पर यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि सिर्फ दो दिन पहले इसी चेकिंग पॉइंट पर पुलिस ने एक अन्य मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया था। (Ganja Smuggling in Jashpur)

एक ही रूट पर लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई

उस मामले में भी गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए ट्रक में ऊपर मिर्च से भरी बोरियां रखी थी और उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाए थे। पुलिस ने उस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। बरामद गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए आंकी गई थी। लगातार दो कार्रवाइयों से यह साफ है कि तस्कर ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक गांजे की खेप पहुंचाने के लिए जशपुर के रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। दोनों मामलों में गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। इससे पुलिस के सामने इस रूट पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर भी कई सवाल खड़े हुए हैं। इस बार तस्करों ने खाली बोतलों की बोरियों को गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किया, जबकि इससे पहले मिर्च की बोरियों की आड़ ली गई थी।

नशे के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी: SSP

मामले में तपकरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस गांजे के स्रोत, इसे उपलब्ध कराने वाले लोगों, परिवहन की व्यवस्था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति तक पहुंचने पर है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की तस्करी में शामिल रहा है या नहीं। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने 6 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के मुताबिक पुलिस अब इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। गांजा कहां से आया और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!