AI से लेकर ग्रीन एनर्जी तक छत्तीसगढ़ में निवेश की नई उड़ान, सिंगापुर से मिले 43,250 रुपए करोड़ के प्रस्ताव

CM Sai Singapore Tour: छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं हासिल की हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस की स्थापना से जुड़ा है, जिसके लिए सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने SING Forum में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर छत्तीसगढ़ इस अंतरराष्ट्रीय मंच में शामिल हुआ। फोरम के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक संभावनाओं और राज्य की नीतिगत पहलों को रखा।
यह भी पढ़ें:- अमेरिका के ओहायो में दांव पर ट्रंप की साख, राष्ट्रपति के गढ़ में भारतवंशी विवेक रामास्वामी डेमोक्रेट्स से रेस में पिछड़े
सिंगापुर की कंपनी एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने की दिशा में निवेश करेगी। मुख्यमंत्री साय ने फोरम के दौरान कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा। एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर के साथ भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में भी है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और नीतिगत समर्थन छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी मध्य भारत में बड़े AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के विकास, अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने और इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।

छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भी ₹1,500 करोड़ के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर क्षेत्र के साथ-साथ संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के क्षेत्र में प्रस्तावित है। इस तरह SING Forum 2026 में प्राप्त निवेश प्रतिबद्धताओं का बड़ा हिस्सा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा है। AI डेटा सेंटर और स्वच्छ ऊर्जा से संबंधित प्रस्ताव राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा क्षमता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। राज्य सरकार के अनुसार छत्तीसगढ़ में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। अब 100 मेगावाट क्षमता वाले प्रस्तावित AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के निवेश से राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी गतिविधियों को और गति मिलने की संभावना है। (CM Sai Singapore Tour)

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के उभरते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सिंगापुर में मिली निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, उपलब्ध संभावनाओं और प्रदेश के लोगों के प्रति निवेशकों के भरोसे को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से राज्य में नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे और युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए रास्ते खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को छत्तीसगढ़ के विकास में भागीदारी के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की औद्योगिक नीति और निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों को रेखांकित किया।

SING Forum के दौरान मुख्यमंत्री साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य सरकार द्वारा उद्योगों के लिए किए गए सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में 450 से ज्यादा सुधार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग जगत से सीधे उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी लेकर उसके अनुरूप व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकारी व्यवस्था के परिणामस्वरूप पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हुए हैं। (CM Sai Singapore Tour)
सिंगापुर सरकार और वैश्विक कंपनियों की मौजूदगी
SING Forum 2026 में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय और व्यापार-उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। फोरम में मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले समेत अलग-अलग वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इससे भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी और निवेश समुदाय के बीच आर्थिक सहयोग और निवेश के अवसरों को लेकर संवाद का मंच मिला। SING Forum से इतर मुख्यमंत्री साय ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें की। इन बैठकों में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के फिर उपयोग से संबंधित अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर चर्चा की गई।
6 अक्टूबर को CEO Roundtable में निवेश की अगली कड़ी
सिंगापुर में निवेश संवाद को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 अक्टूबर 2026 को CEO Roundtable में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के नए अवसरों, औद्योगिक साझेदारी और विभिन्न क्षेत्रों में संभावित परियोजनाओं को लेकर चर्चा होगी। SING Forum में मिली ₹43,250 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धताओं के बाद अब CEO Roundtable को राज्य में निवेश की गति को आगे बढ़ाने के अगले चरण के रूप में देखा जा रहा है। SING Forum 2026 में मिली ₹43,250 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ के लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, AI और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में नए अवसरों का संकेत हैं। 100 मेगावाट के AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस और सोलर-बैटरी स्टोरेज से जुड़े प्रस्तावों के साथ राज्य में निवेश का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। अब 6 अक्टूबर को होने वाली CEO Roundtable में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के साथ होने वाली चर्चाओं पर नजर रहेगी, जहां इन निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और नए निवेश अवसर तलाशने पर फोकस रहेगा।



