Google Analytics —— Meta Pixel

SIR पर सियासी संग्राम तेज, राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार और मोदी सरकार दोनों जाएंगे, वोट के अधिकार पर आर-पार

Opposition on Modi Government: दिल्ली में CJP के प्रदर्शन और SIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जाएंगे और मोदी सरकार भी जाएगी। इसके बाद लोकतंत्र को सुधारने का काम शुरू होगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि यह पूरी तरह से डरी हुई भारतीय जनता पार्टी की तस्वीर है। देश का संविधान हर राजनीतिक दल, हर संगठन और प्रत्येक व्यक्ति को यह अधिकार देता है कि वो आंदोलन भी कर सके और अपनी बात को कह भी सके। मगर जिस तरह का माहौल आज देश में बना दिया है, ट्रेन रद्द कर दी हैं, टोल पर गाड़ियां रोकी जा रही हैं, लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है तो यह लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है। अब भाजपा को मालूम हो गया है कि अब उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है, वो सत्ता में रहने वाले नहीं हैं। 

यह भी पढ़ें:- CJP के विरोध प्रदर्शन पर BJP का हमला, रविशंकर प्रसाद बोले- देश संसद से चलेगा, सड़क से नहीं, पात्रा ने कहा- ये मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि जिस तरह से भारत के प्रधानमंत्री जिन्होंने अपनी जान दी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी, उनके परिवार के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को जिस जघन्य ढंग से चोटें पहुंचाई गई, अपमानजनक ढंग से चोटी पहुंचाई गई और जो बर्बरता हुई, वो पूरे देश ने देखा है। मैं कह सकता हूं कि अब मोदी सरकार के पतन की तैयारी शुरू हो गई है। उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। एक-एक चोट जो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी या फिर सासंदों को लगी है, वो मोदी सरकार के ताबूत की आखिरी कील साबित होगी। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि तानाशाही पूरी तरह से डर गई है। भाजपा सरकार इतना बुरी तरह से डर रही है कि वे जनजीवन बंद कर दे रहे हैं। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने नितिन नबीन के बयान पर कहा कि 140 करोड़ की जनता बहुत खुश है, क्योंकि वे जानती है कि बीजेपी की सरकार जा रही है। समस्या आपकी पार्टी में है। आपकी पार्टी के अंदर है। ये आपकी पार्टी की अंदरूनी बात है। (Opposition on Modi Government) 

 

उन्होंने कहा कि आप लोग बच्चों के साथ, भविष्य के साथ और लोगों के साथ जो कर रहे हैं, इस देश में वोट चोरी हो रही है। राहुल गांधी ने सबकुछ सबूत के साथ पेश कर दिया है। आप जा रहे हैं, यही इशारा है। आप 1 लाख 40 करोड़ लोगों के बारे में बात कर रहे हैं? वे सभी लोग संतुष्ट हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि उनके अधिकारों की, संविधान की रक्षा हम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम जंतर-मंतर नहीं जा सकते, हमारे बच्चे उन तक नहीं पहुंच सकते, वे मेट्रो बंद कर देंगे, वे किसी का सुना हुआ नहीं करेंगे, वे पार्टी मीटिंग नहीं बुलाएंगे, संसद के सदस्य राष्ट्रपति तक नहीं जा सकते, क्या ये लोकतंत्र है? हम कौन सा डर रहे हैं या ये बच्चे कौन सा डर रहे हैं? हमारे छात्रों के साथ हम हैं, उन्हीं के भविष्य के लिए हम लड़ रहे हैं। हमारी रगों में वही खून है, जिसने इस देश को आजादी दिलाई। हम लड़ेंगे। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि जब तानाशाह डरता है तो ऐसी हरकतें करता है, लेकिन जब भी ऐसी हरकतें एक तानाशाह करता है तो उसके दिन गिनती के होते हैं फिर उसे जाना पड़ता है। (Opposition on Modi Government)

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि ये बात मुझे समझ नहीं आती कि कितना सरकार घबराई हुई है कि सारी मेट्रो बंद कर दी, दिल्ली आने वाली सभी ट्रेनें बंद कर दीं, बसें बंद कर दीं, सभी जगह बैरिकेड्स लगाए हुए हैं। लोकतंत्र में तो आंदोलन होते ही हैं, लेकिन इस तरह से उनका घबराना समझ नहीं आता। अभी तो हम शांतिपूर्ण तरीके से ही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आप इतना ज्यादा चुनाव आयोग में गड़बड़ियों को समर्थन दे रहे हैं कि पूरी की पूरी सरकार और सभी प्रवक्ता इसके बचाव में लग गए हैं। दिल्ली को इस तरह से बंद कर देने से आम जन बहुत परेशान होते हैं। प्रदर्शनकारी कुछ 1000 या 2000, लेकिन यहां तो लाखों लोग रहते हैं। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि देश में आर्थिक सुनामी आएंगी और वो परिस्थिति आज देश में पूरी तरह बन चुकी है और देश आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वैसे ही नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार दोनों जाएंगे। ऐसा कहा तो बिल्कुल इनको जाना है। देश में जनता ही ऐसा दबाव बनाएगी कि इन दोनों को कुर्सी छोड़कर भागना पड़ेगा।

पटोले ने कहा कि देश में आपतकालीन की परिस्थिति पैदा हो चुकी है। पूरी दिल्ली में 50 हजार जवान तैनात हैं। रेलवे बंद कर दिया है, मेट्रो बंद कर दिया है, इंटरनेट बंद कर दिया है तो देश में नरेंद्र मोदी की सरकार ने आपतकालीन स्थिति बनाकर रखी है। नरेंद्र मोदी की सरकार भी चुनाव आयोग की कृपा से बनी है। देश के कई राज्यों में बीजेपी की सरकार चुनाव आयोग की कृपा से बनी है और इसलिए चुनाव आयोग को बचाने में पूरी बीजेपी लगी हुई है। इनका सच लोगों के सामने आया है और देश की जनता अपने वोट के अधिकार की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी और इस सरकार को सत्ता से भगा के रहेगी। कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी पिछले 3 सालों से लगातार ये बातें कह रहे थे। लोगों की आवाज को बुलंद करने के लिए वे आगे बढ़कर आए हैं। आज पूरा देश उनके पीछे चल रहा है। ठीक है कि हम सत्ता में नहीं हो सकते, राहुल गांधी की ये चाहत भी नहीं है कि वे प्रधानमंत्री बनें। राहुल गांधी चाहते हैं कि हम लोगों की आवाज बुलंद करें और वो करने का काम उन्होंने किया है। 

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि तीन सालों से राहुल गांधी लड़ रहे हैं। लोकतंत्र, संविधान और वोट के अधिकार के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लड़ रहे हैं। अब पूरे देश का विपक्ष एक है। अब तो पूरे देश के बच्चे देश की आजादी के लिए लड़ रहे हैं। नए अंग्रेज के खिलाफ ये युद्ध है। AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पूरे देश का युवा और मतदाता, ज्ञानेश कुमार की वजह से ठगा हुआ महसूस कर रहा है। ज्ञानेश कुमार ने मोदी जी के कहने पर पूरे देश के मतदाता के साथ गद्दारी की है। ऐसे गद्दार ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने के लिए देश का युवा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए पहुंच रहा है मगर एक प्रदर्शन को रोकने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने भारत सरकार और कई राज्यों की सरकार का पूरा शक्ति प्रदर्शन किया हुआ है। यह देश में पहली बार हुआ है कि कुछ लड़कों के प्रदर्शन को रोकने के लिए सारी की सारी सरकार अपनी शक्ति प्रदर्शन पर उतर गई है, जिस तरह से लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, उसके खिलाफ यहां चंडीगढ़ में भी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए युवाओं का प्रदर्शन चल रहा है और आम आदमी पार्टी इस प्रदर्शन का समर्थन करती है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारें जब कमजोर हो जाती हैं, तो वो अन्याय का रास्ता अपनाती हैं। यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ है, जिनके कामकाज पर सवाल उठे हैं। सिर्फ CJP ने ही आपत्ति नहीं जताई है, देशभर की राजनीतिक पार्टियों ने समय-समय पर आयोग पर सवाल उठाए हैं। एक संवैधानिक संस्था होने के नाते, निष्पक्ष फैसले लेना और लोकतांत्रिक ढांचे के भीतर अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना उसका काम है। सिर्फ युवा ही इसके खिलाफ नहीं हैं, सभी राजनीतिक पार्टियां इस मांग पर एकजुट हैं कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष रूप से काम करना चाहिए और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए। RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि अब कुछ कहने को बचा ही नहीं है। सरकार अपने ही लोगों से लड़ रही है। लोगों को अलग-अलग जगहों से उठाया जा रहा है और हर जगह सुरक्षा बल तैनात हैं। पूरी दिल्ली को बंद कर दिया गया है। पिछले 40 सालों में मैंने कई विरोध-प्रदर्शनों देखें और उनमें हिस्सा लिया है, लेकिन कभी ऐसा होते हुए नहीं देखा। (Opposition on Modi Government)

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि मोटे तौर पर दिल्ली में जब कोई धरना-प्रदर्शन होता है तो दिल्ली में सबसे ज्यादा पीड़ा दिल्ली के लोगों व व्यापारियों को होती है। दिल्ली में 5 लाख से ज्यादा व्यापारी अन्य राज्यों से सामान खरीदने आते हैं, उनकी आवाजाही काफी मात्रा में कम हो जाती है, परिवहन पर इसका विपरीत असर पड़ता है। लगभग 200-250 करोड़ रुपए प्रतिदिन व्यापार का नुकसान होता है। बेहतर होगा कि सरकार कोई ऐसा स्थान धरना-प्रदर्शन के लिए निश्चित कर दे, जिससे न तो सामान्य जनजीवन प्रभावित हो और न ही व्यापार प्रभावित हो। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने पहली बार जब छात्रों का आंदोलन किया था तो छात्रों को लगा कि वे हमारे हित में हैं, लेकिन अब छात्र भी उनसे कट गए हैं। अब उनका राजनीतिक एजेंडा आ चुका है और स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहा है कि वे विपक्षी दल के नेताओं के साथ काम कर रहे हैं। (Opposition on Modi Government)

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह शर्म की बात है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी किसी भी संवैधानिक पद का सम्मान नहीं करते हैं। उन्हें न तो कानून की समझ है और न ही अपने संवैधानिक कर्तव्यों की-चाहे भारत के नागरिक के तौर पर हो या विपक्ष के नेता के तौर पर। राहुल गांधी ने अपना अहंकार, शिष्टाचार की कमी और कानून व सामान्य समझ की कमी दिखाई है। भारत की राष्ट्रपति से समय मांगा गया और उन्होंने तुरंत समय देने की कृपा की। अगर राहुल गांधी की झूठी बातों और आरोपों में कोई दम होता, तो यह उनका फर्ज और शिष्टाचार होता कि वे अपने दावों या आरोपों के समर्थन में कुछ सबूत या प्रमाण साथ ले जाते। जब उन्होंने अपना ज्ञापन सौंपा, तो जाहिर है कि उसमें कोई तथ्य, आंकड़े या सबूत नहीं थे, क्योंकि उनके झूठे आरोपों को साबित करने के लिए कुछ था ही नहीं। राहुल गांधी उस बैठक से बाहर आते हैं और पता नहीं किस समझ के साथ दावा करते हैं कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके आरोपों को स्वीकार कर लिया है। राहुल गांधी को भारत के राष्ट्रपति से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!