CJP प्रदर्शन पर BJP नेताओं का विपक्ष पर हमला, बोले- SIR के नाम पर दिल्ली को बंधक बनाने की कोशिश

BJP Leaders on Opposition: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग के बीच बीजेपी नेताओं ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि दिल्ली में अराजकता फैलाने की एक बहुत बड़ी साजिश है। CJP को राजनीति करनी है तो राजनीतिक पार्टी की घोषणा करें। देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, चुनाव आयोग को गाली देना प्रजातंत्र के लिए सही नहीं है। ये संस्कृति भी नहीं है। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि दिल्ली में देश के किसी मुद्दे को लेकर कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहा है। यह अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। SIR के मुद्दे को लेकर दिल्ली को बंधक बनाने की कोशिश की जा रही है, इससे लोगों को असुविधा हो रही है। चुनाव आयोग डोर टू डोर सर्वे कर रहा है। BLO घर-घर जा रहे हैं। अगर किसी की मृत्यु हो गई है या कोई 2 जगहों से मतदाता बना हुआ है तो उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। राहुल गांधी झूठ बोलने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए देश की जनता राहुल गांधी को नकार रही है।
यह भी पढ़ें:- SIR पर सियासी संग्राम तेज, राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार और मोदी सरकार दोनों जाएंगे, वोट के अधिकार पर आर-पार
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि बिना किसी सबूत के और जांच के किसी का किसी के खिलाफ इस्तीफा मांगना गलत है। पहले जांच की मांग करनी चाहिए। जांच में जो दोषी हो और फिर जब दोष सिद्ध हो जाए तो फिर उस पर कार्रवाई के लिए काम होना चाहिए। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि देश की जनता ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार सत्ता सौंप कर अपनी उम्मीदों को कायम रखा था कि प्रधानमंत्री देश के हित और कल्याण के लिए अच्छे फैसले लेकर देश को आगे बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री ने जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की हर संभव कोशिश की, लेकिन वर्तमान में CJP और कुछ विपक्ष दल के लोग दिल्ली की जनता के जीवन को खराब करने के लिए, अशांति पैदा करने के लिए बिना तथात्मक विषयों के आंदोलन करने की चेष्टा कर रहे हैं। CJP के पहले आंदोलन ने यह स्पष्ट कर दिया था कि वह किसी का मोहरा है। उनके कंधों पर किसी की बंदूक है। दिल्ली और देश की जनता को असुविधा ना हो इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स लगाई गई हैं और कुछ ट्रेन-मेट्रो को भी रोककर देश की जनता के हितों को ध्यान में रखकर कुछ बड़े कदम उठाए गए हैं। (BJP Leaders on Opposition)

राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि SIR से विपक्ष इसलिए घबरा रहा है, क्योंकि वो हमेशा चुनाव में फर्जी वोट डलवाते थे, जो वोट फर्जी हैं वो कट जाएंगे, इसमें घबराहट की क्या बात है, वो क्यों परेशान हैं? उत्तर प्रदेश में 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार आ रही है, ये उनकी घबराहट है। प्रजातंत्र में चुनाव आयोग बहुत ईमानदारी से काम करता है। जब विपक्ष चुनाव जीतता है तब ये कुछ नहीं बोलते और जब जनता इन्हें हरा देती है तो ये EVM को दोष देते हैं। ज्ञानेश कुमार बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी का दुर्भाग्य कहिए कि 40 साल के राजनीतिक जीवन के बाद अपने पैर के नीचे मिट्टी नहीं है तो वे कॉकरोच के पीछे दौड़ रही हैं। भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि इस देश में संविधान ने आंदोलन का अधिकार सभी को दिया है मगर अराजक स्थिति उत्पन्न करने का अधिकार किसी को नहीं है। आंदोलन का मतलब अराजकता बिल्कुल नहीं हो सकता है। छात्र किसी के दबाव में न आए और किसी के द्वारा गुमराह न हो। पहले आपने कहा कि प्रश्न पत्र लीक हुआ है और छात्रों के भविष्य के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उस आंदोलन में जो अराजक स्थिति उत्पन्न हुई। (BJP Leaders on Opposition)

उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला हुआ, आम लोगों को परेशानियां हुई, वो नजारा सभी ने देखा फिर भी माफ किया गया। हर मांग को पूरा किया गया मगर 2-3 महीने भी नहीं हुए कि आप फिर नया राजनीतिक एजेंडा लेकर आ गए। आपकी पोल खुल गई। आप चुनाव आयोग पर अब सवाल खड़े करने लगे। यह तो लोकतंत्र और संविधान को ही कुचलने और बदनाम करने का प्रयास है। यह विदेशी शक्तियों के इशारे पर काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि INDIA गठबंधन हो, CJP हो, कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी के लोग हों, लगातार ये बार-बार भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर कुठाराघात करने का प्रयास कर रहे हैं। देश को कहीं न कहीं कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, जिस विषय को लेकर वे आज आंदोलन कर रहे हैं, SIR पहली बार नहीं हुआ है। SIR पहले भी 8 बार हो चुका है। SIR में मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया जाता है। साथ ही ये भी व्यवस्था है कि ये सब होने के बाद भी किसी का नाम अगर छूट गया है तो फॉर्म-6 के माध्यम से वे अपने नाम को जुड़वा सकते हैं, लेकिन पिछले 12 सालों में जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का मान बढ़ाया है, देश में विकास का मॉडल तैयार किया है, उससे जनता काध्यान भटकाने के लिए बार-बार ऐसेविषयों को ये लोग उठाते रहते हैं और देश को बदनाम करने का प्रयास करते रहते हैं।

भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि विपक्ष को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है इसलिए वे लोग कॉकरोच जनता पार्टी को साथ लेकर, भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हं। बंगाल में ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री रहते क्या स्थिति थी? लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार खो दिया था। ममता बनर्जी ने पूरे बंगाल को जंगलराज में बदल दिया था। वे अब दिल्ली में जाकर वहां जंगलराज बनाने का प्रयास कर रही हैं। भारत की महानता को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत 3 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। चुनाव आयुक्त से मिलने की एक प्रक्रिया होती है, समय लेना पड़ता है, तीन-चार लोगों का प्रतिनिधिमंडल तय होता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि एक साथ 200 लोगों के साथ मिलेंगे। वो मिलना चाहती भी नहीं। कांग्रेस केवल नौटंकी कर रही है। नितिन नवीन ने उनको याद दिलाया कि एक राष्ट्रीय पार्टी के नेता को एक सही तरीका अपनाना चाहिए। वे चुनाव आयुक्त की वकालत नहीं कर रहे थे। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने कहा कि कोई भी संविधान से बड़ा नहीं है। जो भी देश के खिलाफ आवाज उठाएगा और देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर, देश के खिलाफ नारेबाजी करेगा तो निश्चित तौर पर संवैधानिक रूप से उनके खिलाफ व्यवस्था की जाएगी। बंगाल में जो चुनाव हुआ, इस दौरान एक भी राजनीतिक हत्या नहीं हुई। क्या ये ज्ञानेश कुमार का अपराध है ? ममता बनर्जी और विरोधियों का कहना है कि अपराध क्यों नहीं हुआ है? यही ज्ञानेश कुमार का अपराध है। इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश है और इस साजिश का भी खुलासा होगा।



