Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में 5 मौतों के बाद जागा प्रशासन, 47 जर्जर इमारतें गिराईं, 282 संपत्तियां सील

Delhi Building Safety Action: राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत के बाद नगर निगम ने जर्जर और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली नगर निगम ने 6 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच राजधानी के सभी 12 जोन में 1,046 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान 282 संपत्तियों को सील किया गया, जबकि 47 जर्जर इमारतों को गिराया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निगम अधिकारियों को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने और इसकी रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में 7 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:10 बजे ईदगाह मछली मंडी के पास चार मंजिला इमारत ढह गई थी।

यह भी पढ़ें:- तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस को राम और भाजपा को रावण बताया, कहा- छोटे दलों को वोट देने से BJP को फायदा

हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए थे। इमारत गिरने के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीमों के साथ मिलकर मलबा हटाने में मदद की थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के वक्त इमारत की पहली मंजिल पर एक परिवार के चार से पांच सदस्य मौजूद थे। इमारत गिरने से आसपास की दो अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। वहीं पास स्थित ईदगाह की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बिजली का पोल टूटने और तारों को नुकसान पहुंचने के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद करनी पड़ी थी। MCDके मुताबिक हादसे का शिकार हुई इमारत दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड की करीब 25 वर्ग गज जमीन पर बनी थी और लगभग 20 से 25 साल पुरानी थी। 

सभी 12 जोन में चला अभियान

अधिकारियों ने इमारत को ग्राउंड प्लस तीन मंजिल का बताया था, जबकि स्थानीय लोगों के मुताबिक इसमें पांच मंजिल थी। हादसे के बाद संबंधित एजेंसियों ने एक असुरक्षित इमारत को गिरा दिया। इसके अलावा डूसिब ने आसपास के तीन अन्य मकानों को नोटिस जारी किए हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य असुरक्षित भवनों की पहचान कर संभावित हादसों को रोकना है। MCD की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 6 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच नरेला जोन में 62, रोहिणी में 158, सिविल लाइंस में 63 और केशवपुरम में 61 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। सिटी एसपी जोन में 87, करोल बाग में 85, शाहदरा साउथ में 87 और शाहदरा नॉर्थ में 115 संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। (Delhi Building Safety Action)

3 साल में इमारत गिरने की 1,133 घटनाएं

इसी अवधि में वेस्ट जोन में 87, नजफगढ़ में 45, सेंट्रल जोन में 75 और साउथ जोन में 121 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस तरह सभी 12 जोन में कुल 1,046 संपत्तियां इस अभियान के दायरे में आईं। इसके साथ ही 282 संपत्तियों को सील किया गया और 47 जर्जर इमारतें गिराई गईं। दिल्ली में इमारतें गिरने की घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई हैं। दिल्ली फायर सर्विस के आंकड़ों के मुताबिक 2022-23 से 2024-25 की अवधि में राजधानी में इमारत गिरने की 1,133 घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में कुल 98 लोगों की मौत हुई। साल-दर-साल के आंकड़ों में 2022-23 के दौरान 349, 2023-24 में 371 और 2024-25 में 413 घटनाएं दर्ज होने का जिक्र है। हालांकि 2024-25 का आंकड़ा अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 तक का है, इसलिए यह पूरे वित्त वर्ष का आंकड़ा नहीं है।

जर्जर इमारतों की पहचान और निगरानी बड़ी चुनौती

सीमापुरी हादसे के बाद MCD की कार्रवाई ने राजधानी में जर्जर भवनों और अवैध निर्माण की निगरानी को फिर चर्चा में ला दिया है। ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई के साथ यह भी जरूरी है कि असुरक्षित इमारतों की समय रहते पहचान की जाए और संबंधित एजेंसियां नोटिस मिलने के बाद भवनों की स्थिति पर निगरानी रखें। इससे ऐसे हादसों में जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है। दिल्ली में पांच लोगों की मौत के बाद MCD ने जर्जर इमारतों और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि क्या यह अभियान भविष्य में ऐसे हादसों को रोक पाएगा? इसके लिए जरूरी है कि असुरक्षित इमारतों की समय रहते पहचान हो और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। (Delhi Building Safety Action)

Back to top button
error: Content is protected !!