SBI Data Leak: 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर, मोबाइल नंबर और एड्रेस उजागर होने की आशंका

SBI customer data leak : भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के करीब 3,900 ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर सामने आने का मामला सामने आया है। बैंक की ओर से शेयर बाजारों को दी गई जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में 3,897 ग्राहकों से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं, जिनमें व्यक्तिगत पहचान से संबंधित जानकारियां शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक ने जांच शुरू कर दी है और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ग्राहकों की निजी जानकारी की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का उसके मुख्य कारोबारी कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। (SBI customer data leak)
अलर्ट मिलने के बाद शुरू हुई जांच
बैंक के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को उसे थ्रेट इंटेलिजेंस सेवा प्रदाता और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) की ओर से अलर्ट मिला था। इसमें ग्राहकों से संबंधित डेटा डार्क वेब पर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई थी।
अलर्ट मिलने के बाद बैंक ने प्रारंभिक जांच शुरू की। इस दौरान डार्क वेब पर उपलब्ध लगभग 3.75 लाख रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। विस्तृत विश्लेषण में 3,897 ग्राहकों से संबंधित ऐसे रिकॉर्ड सामने आए, जिनमें व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी मौजूद होने की बात कही गई है।
मोबाइल नंबर, ईमेल और घर के पते जैसी जानकारी शामिल
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, संभावित रूप से उजागर हुए डेटा में ग्राहकों की कई संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। इनमें नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, जेंडर, ईमेल आईडी और आवासीय पते जैसी जानकारियां बताई गई हैं।
इसके अलावा, संबंधित बैंक शाखा का नाम, ग्राहक सूचना फाइल (CIF) पहचान संख्या और लोन से जुड़े रिकॉर्ड का मेटाडेटा भी सामने आने की जानकारी है।
यदि ऐसी जानकारियां गलत हाथों में पहुंचती हैं, तो उनका इस्तेमाल फिशिंग, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने, पहचान की नकल करने और अन्य प्रकार की साइबर धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है। (SBI customer data leak)
स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी करेगी जांच
SBI ने मामले की जांच के लिए CERT-In के पैनल में शामिल एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त किया है। जांच का उद्देश्य डार्क वेब पर मिले डेटा की प्रामाणिकता की पुष्टि करना, जानकारी के संभावित स्रोत का पता लगाना और घटना से जुड़े सुरक्षा जोखिमों का आकलन करना है।
बैंक ने साइबर घटना से निपटने के लिए निर्धारित प्रक्रियाएं भी सक्रिय की हैं। जांच पूरी होने के बाद ही डेटा के वास्तविक स्रोत और संभावित नुकसान के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
क्या ग्राहकों के पैसे पर भी खतरा है?
डेटा लीक की आशंका का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के बैंक खातों से पैसे निकल गए हैं या बैंकिंग प्रणाली से समझौता हो गया है। बैंक ने अपने मुख्य कारोबारी संचालन पर किसी प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी नहीं दी है। हालांकि, निजी जानकारी उजागर होने की आशंका को देखते हुए ग्राहकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
SBI ग्राहकों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
- किसी भी अनजान कॉल पर बैंक खाते, कार्ड, ओटीपी या यूपीआई पिन की जानकारी साझा न करें।
- बैंक अधिकारी बनकर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल, ईमेल और मैसेज से सावधान रहें।
- किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें।
- बैंक खाते के लेनदेन और अलर्ट पर नियमित नजर रखें।
- किसी संदिग्ध लेनदेन की स्थिति में तुरंत बैंक के आधिकारिक माध्यम से शिकायत करें।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। ग्राहकों का डेटा कहां से आया और उसका कितना दुरुपयोग हुआ है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



