भारत का परमाणु कार्यक्रम युद्ध के लिए नहीं, शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

India Nuclear Energy Future: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ब्लूमबर्ग इकोनॉमी फोरम 2026 के दौरान एक विशेष बातचीत में कहा कि भारत का परमाणु कार्यक्रम युद्ध के लिए नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है। उन्होंने कहा कि भारत की भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में परमाणु ऊर्जा की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाएगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटरों के लिए जरूरी भरोसेमंद उर्जा की बढ़ती मांग को पूरा करना भी शामिल है। भारत के परमाणु कार्यक्रम के जनक डॉ. होमी भाभा के दृष्टिकोण को याद करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत ने हमेशा शांतिपूर्ण कार्यों और राष्ट्रीय विकास के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि परमाणु तकनीक के शांतिपूर्ण उपयोग के प्रति प्रतिबद्धता देश की कार्यनीति के केंद्र में है। जबकि देश अपनी उभरती विकासात्मक और तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है।
यह भी पढ़ें:- दुनिया मंदी से जूझ रही, भारत 7.2% की रफ्तार से बढ़ रहा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
मंत्री ने कहा कि भारत की परमाणु ऊर्जा महत्वाकांक्षाओं को उसके दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धताओं के रूप में देखा जाना चाहिए। देश ने 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता और 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है, इसलिए परमाणु ऊर्जा अन्य ऊर्जा स्रोतों के साथ मिलकर निरंतर और भरोसेमंद स्वच्छ उर्जा की आपूर्ति करेगी। परमाणु ऊर्जा को तकनीकी विकास के अगले चरण से संबद्ध करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटरों के विस्तार के लिए उर्जा के ऐसे भरोसेमंद स्रोतों की आवश्यकता होगी, जो उनकी बढ़ती और निरंतर ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा भारत के अन्य ऊर्जा कार्यक्रमों की पूरक बनेगी और तकनीकी पर तेजी से निर्भर होती अर्थव्यवस्था की उर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान देगी। (India Nuclear Energy Future)

केंद्रीय मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर कहा कि एआई को केवल एक अलग क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे उपकरण के रूप में देखा जाना चाहिए जिसका उपयोग सभी क्षेत्रों में किया जा सके। अंतरिक्ष और जीवन विज्ञान से लेकर वैज्ञानिक समेत तकनीकी विकास के अन्य क्षेत्रों तक एआई एक अत्यंत आवश्यक उपकरण बनता जा रहा है। इसके उपयोग में मानवीय समझ के महत्व पर बल देते हुए सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करने के लिए व्यक्ति का खुद भी समझदार होना जरूरी है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि एआई कई क्षेत्रों में बहुत फायदेमंद है, लेकिन इसका सही उपयोग सुनिश्चित करना और साथ ही यह ध्यान रखना कि कोई व्यक्ति या अन्य पक्ष इसका गलत इस्तेमाल न करे, एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि हालांकि नियम-कानून मौजूद हैं, लेकिन फिर भी यह सुनिश्चित करने के लिए कि तकनीक का इस्तेमाल जिम्मेदारी से हो, व्यक्तिगत और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर ईमानदारी होना बहुत जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने इस दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की ओर से महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों को गैर-सरकारी कंपनियों के लिए और ज्यादा खोलने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दृष्टिकोण से उन क्षेत्रों में निजी क्षेत्र की भागीदारी का दायरा बढ़ा है जो पहले बहुत सीमित थे। इससे उद्योगों को तकनीकी प्रगति, नवाचार और राष्ट्रीय विकास में योगदान देने के अवसर प्राप्त हुए हैं। डॉ. जितेंद्र सिंह की टिप्पणियां भारत के विकास मार्ग के दो महत्वपूर्ण पहलुओं को एक साथ लाती हैं, जिसमें स्वच्छ ऊर्जा के एक भरोसेमंद स्रोत के रूप में परमाणु ऊर्जा को मजबूत करना और एआई जैसी उभरती तकनीकों का जिम्मेदारी के साथ समेत इंसानों के मार्गदर्शन में उपयोग करना शामिल है। जैसे-जैसे भारत 2047 के अपने विकास लक्ष्यों और 2070 के नेट जीरो के संकल्प की ओर आगे बढ़ रहा है, देश की तकनीकी और आर्थिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक भरोसेमंद ऊर्जा अवसंरचना और रणनीतिक क्षेत्रों में व्यापक भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण होगी। कुल मिलाकर भारत की रणनीति परमाणु ऊर्जा को केवल बिजली उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय उसे देश की व्यापक विकास जरूरतों से जोड़ने की है। इसके साथ ही AI के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर यह संकेत देता है कि तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय समझ, जवाबदेही और सुरक्षा को भी प्राथमिकता देना जरूरी होगा। (India Nuclear Energy Future)




