Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलवाद के खिलाफ जंग में छत्तीसगढ़ पुलिस की तारीफ, शाह ने कहा- नक्सलवाद के खात्मे में 3600 जवानों ने दिया बलिदान

Police Commemoration Day 2026: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और पुष्प चक्र अर्पित किया। साथ ही ‘Fight Against Drugs’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में संसद सदस्य कृष्ण प्रसाद टेनेटी, राजीव कुमार, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो के निदेशक महेश दीक्षित, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर समेत अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक और कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि आज राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर हम उन वीर पुलिसकर्मियों को नमन करने के लिए एकत्रित हुए, जिन्होंने स्वतंत्रता से लेकर आज तक राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद करीब आठ दशकों में देश आज विश्व में एक सम्मानजनक स्थान पर खड़ा है। इसकी नींव में हमारे वीर जवानों का बलिदान है। 

यह भी पढ़ें:- भारत का परमाणु कार्यक्रम युद्ध के लिए नहीं, शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह 

शाह ने कहा कि कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि अगर इन जवानों ने आंतरिक सुरक्षा और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान न दिया होता तो आज हम कहां खड़े होते। गृहमंत्री ने कहा कि 2026 भारतीय पुलिस के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण साल है। 31 मार्च 2026 को हमने दशकों से देश को पीड़ित कर रहे नक्सलवाद से मुक्ति प्राप्त की। नक्सलवाद के कारण 1981 से मार्च 2026 तक देश ने कई दंश झेले हैं। इस अवधि में कितने ही निर्दोष जवान और नागरिक शहीद हुए। इस समयावधि में 3600 से ज्यादा जवान शहीद हुए और देश के लगभग 13,700 निर्दोष नागरिक भी अपनी जान गंवा बैठे। गृहमंत्री ने कहा कि वे शहीद जवानों के परिजनों को बताना चाहते हैं कि पांच दशक पुरानी इस समस्या से निजात पाकर अगर देश आज विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है तो इसकी नींव में इन 3600 जवानों का बलिदान है। गृहमंत्री ने शहीदों के परिजनों से कहा कि हम आपकी क्षति की पूर्ति नहीं कर सकते, लेकिन 140 करोड़ नागरिकों वाला पूरा देश आपके परिवार के समर्पण के प्रति कृतज्ञ है।

गृहमंत्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी CRPF के 10 जवानों ने चीन की सेना के हमले का डटकर मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। जब हम हॉट स्प्रिंग्स की उस घटना का अध्ययन करते हैं तो यह स्पष्ट होता है कि जब संघर्ष का निर्णय ऊंची पहाड़ियों पर लिया गया होगा, तब परिणाम लगभग तय था। फिर भी उन अमर सपूतों ने देश की एक इंच भूमि भी किसी विदेशी के हाथ में न जाए, इस संकल्प को मृत्यु पर्यन्त निभाते हुए अपना अमर बलिदान दिया, तभी से 21 अक्टूबर का यह दिन हर साल पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि आज हम जिस स्थान पर खड़े हैं, उस राष्ट्रीय पुलिस स्मारक का उद्घाटन 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के शहीद पुलिस जवानों को समर्पित किया था। इसके पीछे मंशा यही है कि आने वाली पुलिस की पीढ़ियां यहां से प्रेरणा लेकर अपने दायित्व के प्रति सजग रहें और ड्यूटी निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने के लिए भी तैयार रहें। (Police Commemoration Day 2026)

उन्होंने कहा कि यह स्थान देशभर के नागरिकों के लिए भी एक श्रद्धा स्थल बन गया है। कृतज्ञ नागरिक यहां आकर अपने मन के भाव के साथ 36,852 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं और राष्ट्र की ओर से उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। शाह ने कहा कि सरकार की सभी प्रकार की सेवाओं में अगर कोई सबसे कठिन सेवा है तो वह पुलिस की सेवा है। देश के हर नागरिक के लिए रक्षाबंधन, होली, दीपावली और ईद जैसे त्योहार होते हैं, लेकिन पुलिसकर्मियों के लिए कोई त्योहार नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब हम अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं, उस दिन हमारे ये जवान मौके पर खड़े रहकर आंतरिक सुरक्षा, यातायात और लोगों की सुरक्षा की चिंता करते हैं। गृहमंत्री ने कहा कि अपने जीवन के स्वर्ण काल को परिवार से दूर रहकर राष्ट्र को समर्पित करना बहुत बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि देशभर में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां पुलिस के जवानों ने अभूतपूर्व धैर्य, संयम, अनुशासन, वीरता और समर्पण का भाव दिखाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया है। 

शाह ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा की प्रथम और अंतिम पंक्ति दोनों पुलिस का जवान ही होता है। गृहमंत्री ने सीमा पर तैनात और देश के अंदर सुरक्षा का दायित्व निभा रहे सभी केंद्रीय शस्त्र पुलिस बलों के जवानों का विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बलों के जवान अपने घर से दूर रहकर चाहे चुनाव हो, त्योहार, प्रदर्शन, या सीमा की सुरक्षा करनी हो, हर मौके पर मुस्तैदी के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के साथ-साथ देश के सुचारु रूप से चलने के लिए सदैव अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। शाह ने कहा कि देश के लोकतंत्र की रक्षा हो या लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुचारु रूप से संचालित करना, हम केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बिना इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार से तो चुनावी हिंसा को समाप्त करने में देश सफल रहा था, लेकिन बंगाल में चुनावी हिंसा लंबे समय से चलती रही। उन्होंने कहा कि बंगाल विधानसभा के हाल में संपन्न चुनाव में एक भी व्यक्ति की मौत के बिना चुनाव पूरा कराने में हमारे सुरक्षा जवानों को बड़ी सफलता मिली और ऐसा करके केंद्रीय सुरक्षा बलों ने एक नया मानक स्थापित किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश मानता है कि देश चुनावी हिंसा से मुक्त हो गया है। (Police Commemoration Day 2026)

गृहमंत्री ने कहा कि बीते कुछ सालों में देश में कई समस्याएं थी, जिनमें तीन प्रमुख समस्याओं को हम दशकों से झेल रहे थे। उन्होंने कहा कि कश्मीर, उत्तर-पूर्व और लाल आतंक का पूरा क्षेत्र- इन तीनों हॉटस्पॉट में आज शांति है, विकास का वातावरण बना है और ये सभी क्षेत्र देश के साथ विकास की स्पर्धा में भागीदारी करने के लिए तैयार हैं। शाह ने कहा कि कश्मीर में आतंकवाद पर नकेल कसने में हम लगभग सफल हुए हैं। कई समझौतों के बाद हजारों लोगों के हथियार डालने के बाद पूरा पूर्वोत्तर आज शांति के मार्ग पर आगे बढ़ गया है। कई राज्यों में फैली पांच दशक पुरानी नक्सल समस्या को पूर्ण रूप से समाप्त करने में हमारे पुलिस और सीएपीएफ के जवानों को बहुत बड़ी सफलता मिली है। गृहमंत्री ने नक्सलवाद की समाप्ति के लिए विशेष रूप से सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन समेत छत्तीसगढ़ पुलिस की बहादुरी की तारीफ की। (Police Commemoration Day 2026)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि देश समस्याओं से पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ है। हमारे सामने अभी भी कई समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तय किया है कि साल 2026 के बचे भाग और 2027, 2028, 2029 यानी इन साढ़े तीन सालों में हम ड्रग्स के खिलाफ एक संयुक्त लड़ाई लड़कर 31 दिसंबर 2029 तक देश को ड्रग की समस्या से मुक्ति दिलाएंगे। यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या हमारी आने वाली पीढ़ियों को खोखला करती है, हमारे अर्थतंत्र पर अनावश्यक बोझ डालती है और देश विरोधी प्रवृत्तियां रखने वाले संगठनों को आर्थिक समर्थन भी ड्रग तस्करी से ही मिलता है। गृहमंत्री ने देशभर के पुलिसबलों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार किए गए ‘नशा मुक्त भारत’ के रोडमैप को जमीन पर उतारने के लिए पूरे मनोयोग से जुड़ें और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित करें। बता दें कि बाइक रैली में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों (जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली), केंद्रीय सशस्त्र बलों (CRPF, CISF, BSF, SSB, ITBP, NSG) और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों (RPF, NDRF, NIA) के लगभग 90 सवार शामिल हैं। यह रैली ‘Fight Against Drugs’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी रैली का भाग है, जिसमें देशभर के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों समेत केंद्रीयबलों के मोटरसाइकिल सवार एकता नगर, गुजरात पहुंच कर एकता परेड-2026 में सम्मिलित होंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!