Google Analytics —— Meta Pixel

रामभक्तों पर गोली चलाने वाले पहले माफी मांगें, फिर अयोध्या आएं: CM योगी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या में राम मंदिर दर्शन करने की इच्छा जताने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम का अपमान किया और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, उन्हें अयोध्या आने से पहले रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रभु श्रीराम कृपालु हैं और सभी को क्षमा कर सकते हैं, लेकिन जिन्होंने रामभक्तों का अपमान किया, उन्हें अपने कृत्यों पर पश्चाताप करना चाहिए। उन्होंने कहा, ”जिन लोगों ने उपेक्षित किया, अपमानित किया और संतों पर लाठियां चलवाईं, वे अयोध्या जरूर आएं, लेकिन माफी मांगकर आएं। रामभक्तों से माफी तो मांग लें और अपने कृत्यों का पश्चाताप करें।”

कारसेवकों पर गोलीबारी का मुद्दा उठाकर सपा को घेरा

दीपोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय अयोध्या में भगवान राम का नाम लेने पर भी पाबंदियां लगाने की कोशिश होती थी। जिस अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, वही नगरी आज त्रेता युग की तरह भव्य स्वरूप में विकसित हो रही है।

योगी ने आरोप लगाया कि पहले अयोध्या में लोगों के आने और जय श्रीराम बोलने तक पर अंकुश लगाया जाता था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व को स्वीकार करने के लिए अदालत में विरोध किया, वे आज राम के अस्तित्व को स्वीकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि यदि कोई मारीच बनकर आएगा तो वह प्रभु श्रीराम के बाणों से बच नहीं पाएगा।

‘अयोध्या फिर हासिल कर रही अपना गौरव’

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या आज फिर अपना पुराना गौरव प्राप्त कर रही है। इसके लिए संतों ने लंबा संघर्ष किया और बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या का विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने महर्षि वाल्मीकि, माता शबरी और जटायु से जुड़े मंदिरों का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि अयोध्या धाम के रक्षक बजरंगबली हैं। त्रेता युग में भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या लौटे थे, लेकिन पहले यहां हवाई अड्डे की सुविधा नहीं थी। अब महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है।

‘अब अयोध्या में कभी नहीं लगेगा कर्फ्यू’

सीएम योगी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि रामभक्तों की अयोध्या अब कभी कर्फ्यू के दायरे में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या की उपेक्षा नहीं होगी और न ही किसी को रामभक्तों पर गोली चलाने या संतों का अपमान करने का दुस्साहस करने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान को अखिलेश यादव के अयोध्या आने संबंधी बयान और राम मंदिर दर्शन की इच्छा के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। इससे उत्तर प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर और कारसेवकों पर गोलीबारी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!