Google Analytics —— Meta Pixel

मिस्र में टकराईं दो यात्री ट्रेनें, हादसे में 7 लोगों की मौत, 125 घायल, पटरी से उतरे कई डिब्बे

Train Accident in Egypt: मिस्र में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गीजा प्रांत में दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 125 लोग घायल हुए हैं। शुरुआत में 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 7 हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 50 से अधिक एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। यह हादसा राजधानी काहिरा से करीब 76 किलोमीटर दूर गीजा प्रांत के अल-अय्यात इलाके में काहिरा-असवान रेल लाइन पर हुआ। हादसे की जानकारी मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा।

यह भी पढ़ें:- दिवाली के बाद जहरीली हुई दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों की हवा, AQI 418 तक पहुंचा, प्रयागराज में 500 पार

स्थानीय लोगों ने भी घायलों और प्रभावित यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने घटना पर चिंता जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मिस्र के रेलवे प्राधिकरण के मुताबिक हादसे में शामिल एक ट्रेन गीजा से फयूम जा रही थी, जबकि दूसरी ट्रेन काहिरा से असवान की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान गीजा से आ रही ट्रेन ने आगे चल रही दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वालों में ट्रेन का ड्राइवर भी शामिल है। टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए और रेलवे ट्रैक पर मलबा फैल गया। इसके चलते इस मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। दुर्घटना के बाद राहत बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। (Train Accident in Egypt)

लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई: राष्ट्रपति

पटरी से उतरे डिब्बों और मलबे को हटाने के लिए क्रेन भी बुलाई गईं, ताकि रेलवे ट्रैक को दोबारा चालू किया जा सके। हादसे के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं रेलवे प्राधिकरण ने भी दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ट्रेनें किन परिस्थितियों में एक-दूसरे से टकराईं। जांच में ट्रेन संचालन, सिग्नलिंग व्यवस्था और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी। घटनास्थल पर मलबा हटाने और रेल यातायात बहाल करने का काम जारी है। (Train Accident in Egypt)

25 साल में मिस्र में हुए 9 बड़े रेल हादसे

मिस्र में रेल हादसों का इतिहास काफी पुराना है। बीते करीब 25 सालों में देश में कई बड़े रेल हादसे हो चुके हैं। इन दुर्घटनाओं में सैकड़ों लोगों की जान गई है और बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं। फरवरी 2002 में काहिरा के पास एक यात्री ट्रेन में आग लग गई थी। इस भीषण हादसे में 373 लोगों की मौत हुई थी। इसे मिस्र के इतिहास का सबसे बड़ा रेल हादसा माना जाता है। अगस्त 2006 में कल्यूब शहर में दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गई थी। दुर्घटना में 57 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 128 लोग घायल हुए थे। अक्टूबर 2009 में गीजा के अल-अय्यात इलाके में एक ट्रेन ने आगे खड़ी दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 30 लोगों की जान चली गई थी। नवंबर 2012 में एक ट्रेन ने रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूल बस को टक्कर मार दी थी। हादसे में 51 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल थे।

अगस्त 2017 में अलेक्जेंड्रिया के पास दो यात्री ट्रेनें टकरा गई थीं। इस दुर्घटना में 41 लोगों की मौत हुई थी और 179 लोग घायल हुए थे। फरवरी 2019 में काहिरा के मुख्य रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन बफर से टकरा गई थी। इसके बाद ट्रेन में आग लग गई थी। हादसे में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। मार्च 2021 में सोहाग इलाके में दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गई थी। दुर्घटना में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 200 लोग घायल हुए थे। अप्रैल 2021 में तुख इलाके में एक यात्री ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हुई थी और 139 लोग घायल हुए थे। सितंबर 2024 में जकाजीग शहर में दो यात्री ट्रेनें टकरा गई थीं। दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 29 लोग घायल हुए थे। (Train Accident in Egypt)

रेल सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

मिस्र में लगातार सामने आ रहे रेल हादसों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। साल 2002 से सितंबर 2024 तक हुए बड़े हादसों में आग लगने, ट्रेनों की आपस में टक्कर, रेलवे क्रॉसिंग पर दुर्घटना और डिब्बों के पटरी से उतरने जैसी घटनाएं शामिल रही हैं। अब गीजा में हुए ताजा हादसे के बाद एक बार फिर रेल परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित हो गया है। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मिस्र में एक बार फिर हुए इस बड़े रेल हादसे ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जांच से ही स्पष्ट होगा कि हादसे के पीछे तकनीकी खराबी, मानवीय चूक या रेलवे प्रबंधन की लापरवाही जिम्मेदार थी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य के साथ रेलवे ट्रैक को बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!