Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रेन में फर्जी TTE बनकर घूम रही थी महिला! यात्रियों से वसूले 1400 रुपये, ID मांगते ही खुलने लगी पोल

फलकनुमा एक्सप्रेस में महिला पर फर्जी TTE बनकर यात्रियों से 1300 से 1400 रुपये वसूलने का आरोप लगा है। ID कार्ड मांगने पर यात्री से हुई बहस का वीडियो वायरल।

Railway Fake TTE : भारतीय रेलवे में यात्रियों से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिकंदराबाद से हावड़ा के बीच चलने वाली फलकनुमा एक्सप्रेस में एक महिला पर फर्जी TTE बनकर यात्रियों से अवैध रूप से जुर्माना वसूलने का आरोप लगा है। महिला पर आरोप है कि उसने ट्रेन के स्लीपर कोच में पहुंचकर यात्रियों से 1300 से 1400 रुपये तक वसूले। इस दौरान एक जागरूक यात्री ने महिला से उसका पहचान पत्र (ID Card) दिखाने की मांग कर दी, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फर्जी TTE बनकर स्लीपर कोच में पहुंची महिला

जानकारी के मुताबिक, घटना फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) की है, जो तेलंगाना के सिकंदराबाद से पश्चिम बंगाल के हावड़ा तक चलती है। वायरल वीडियो में एक महिला गले में पहचान पत्र लटकाकर खुद को रेलवे की TTE बताती नजर आ रही है। आरोप है कि उसने स्लीपर कोच में यात्रियों से टिकट और जुर्माने के नाम पर 1300, 1350 और 1400 रुपये तक वसूले। (Railway Fake TTE)

ID कार्ड मांगते ही शुरू हुई बहस

ट्रेन में सफर कर रहे हितिक रोशन दास ने इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में रिकॉर्ड किया। उनके मुताबिक, जनरल कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह स्लीपर कोच में बैठने आए थे। इसी दौरान महिला खुद को TTE बताते हुए वहां पहुंची और यात्रियों से पैसे मांगने लगी।

हितिक का आरोप है कि महिला ने उनसे भी ओडिशा तक के सफर के लिए निर्धारित रकम से करीब 750 रुपये अतिरिक्त मांगे। जब उन्होंने महिला से उसका आधिकारिक पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो मामला बहस तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में महिला यात्री को शांतिपूर्वक बात करने की सलाह देती दिखाई देती है, जबकि यात्री उससे उसकी पहचान और अधिकारों को लेकर सवाल करता है।

रेलवे स्टाफ की मौजूदगी पर भी उठे सवाल

हितिक रोशन दास ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए रेलवे व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आम यात्रियों, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इस तरह की कथित अवैध वसूली का सामना क्यों करना पड़ता है? यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों का पहचान पत्र देखने का अधिकार क्यों नहीं मिलना चाहिए? उन्होंने रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

सोशल मीडिया पर यात्री की हो रही तारीफ

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग यात्री की जागरूकता और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि रेलवे में सफर करने वाले प्रत्येक यात्री को अपने अधिकारों और नियमों की जानकारी होनी चाहिए। एक यूजर ने लिखा, ‘इसे कहते हैं शिक्षा की ताकत।’ वहीं दूसरे यूजर ने यात्री की आवाज और सवाल पूछने के तरीके की सराहना की।

फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और रेलवे की ओर से कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है। ऐसे में मामले की जांच और महिला की वास्तविक पहचान स्पष्ट होना जरूरी है। (Railway Fake TTE)

Back to top button
error: Content is protected !!