वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, भक्तों की उमड़ी भीड़

Badrinath Dham: उत्तराखंड के चार धामों में से एक बद्रीनाथ मंदिर के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। इस दौरान 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद रहे। इससे पहले ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के बाहर गणेश पूजन हुआ। इसके बाद पुजारियों ने द्वार पूजा की। मंदिर का कपाट तीन चाबियों से खोला गया। कपाट खुलते ही पहले दर्शन अखंड ज्योति के हुए। यह 6 महीने से जल रही है। इसके बाद बद्रीनाथ पर चढ़ा हुआ घी से बना कंबल हटाया गया, जो 6 महीने पहले कपाट बंद होने के समय भगवान को ओढ़ाया जाता है। इस कंबल को प्रसाद के रूप में बांटा जाएगा। मंदिर के कपाट पिछले साल 14 नवंबर को बंद हुए थे।
यह भी पढें:- मदर्स डे पर CM विष्णुदेव साय ने किया खास पोस्ट, पढ़ें पूरी खबर
बता दें कि मंदिर को करीब 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। पहले दिन लगभग 20 हजार से ज्यादा लोग दर्शन के लिए पहुंचे हैं। 11 मई की रात से ही हल्की बारिश होने लगी थी। इससे पहले मौसम विभाग ने 11 से 13 मई तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया था। बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए 9 मई की शाम तक कुल 6 लाख 83 हजार लोगों के रजिस्ट्रेशन करवा लिया था। मंदिर कपाट का ताला तीन चाबियों से खुला। इनमें एक टिहरी राजदरबार, दूसरी चाबी बद्री-केदार मंदिर समिति के पास और तीसरी चाबी बद्रीनाथ धाम के रावल और पुजारियों के पास होती है, जिन्हें हक-हकूकधारी कहा जाता है। (Badrinath Dham)
#WATCH उत्तराखंड: बद्रीनाथ धाम के कपाट आज से भक्तों के लिए खुल गए। pic.twitter.com/OngdofvMqc
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 12, 2024
इससे पहले 11 मई को सुबह भगवान बद्रीनाथ की डोली पांडुकेश्वर मंदिर से रवाना हुई। पालकी में गरुड़ जी और शंकराचार्य की गद्दी थी। पांडुकेश्वर मंदिर से डोली में कुबेर और उद्धव जी की चलित प्रतिमा भी शामिल हुई। डोली के साथ मंदिर के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती थे। डोली 11 की शाम को मंदिर पहुंची। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल गए हैं, हम सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हैं। हमारी कोशिश है कि यात्रा में कहीं किसी को कोई परेशानी न हो, व्यवस्थित तरीके से यात्रा हो। शुरुआती दिनों में ज्यादा लोग यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। मेरा उनसे अनुरोध है कि यात्रा के नियम, मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा शुरू करें। (Badrinath Dham)
#WATCH उत्तराखंड: बद्रीनाथ धाम के कपाट आज से भक्तों के लिए खुल गए हैं। इस दौरान भक्तों की भीड़ दिखी। pic.twitter.com/rhBJ2x70Ki
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 12, 2024
वहीं बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि आज प्रातः काल 6 बजे बद्रीनाथ धाम के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। कपाट खुलने के समय थोड़ी बारिश भी हुई, लेकिन श्रद्धालुओं की श्रद्धा में कोई कमी नहीं आई। हमारी पहली अभिषेक पूजा प्रधानमंत्री मोदी के नाम से की गई है। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम हो। इधर, उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि आज श्री यमुनोत्री धाम पर क्षमता के मुताबिक पर्याप्त श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं। अब और ज्यादा श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा है, जो भी श्रद्धालु आज यमुनोत्री यात्रा पर आने जा रहे हैं, उनसे विनम्र अपील है कि आज यमुनोत्री की यात्रा स्थगित करें। (Badrinath Dham)
#WATCH चमोली, उत्तराखंड: पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और 'बद्री विशाल लाल की जय' के नारे के साथ सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच आज श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। pic.twitter.com/HYNjOSVJGx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 12, 2024



