छत्तीसगढ़ में एक साथ 5 लोगों की मौत से सनसनी, कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से गई जान

Janjgir Champa Death News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दुखद हादसा हुआ है, जहां कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से 5 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें पिता और उनके 2 बेटे भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक बिर्रा थाना क्षेत्र में एक शख्स को बचाने के चक्कर में लोग कुएं के अंदर उतरते गए, जो वापस नहीं लौट सके। दरअसल, एक शख्स कुएं में लकड़ी गिरने पर उसे बाहर निकालने उतरा था। इसी दौरान गैस का रिसाव होने लगा, जिसके चलते वो बहोश हो गया। इसके बाद उसे बचाने लोग एक के बाद एक कुएं में घुसे, लेकिन कोई भी जिंदा नहीं लौटा।
यह भी पढ़ें:- ब्रिटेन आम चुनाव में PM ऋषि सुनक की पार्टी हारी, 14 साल बाद लेबर पार्टी को मिला बहुमत
बताया जा रहा है कि रमेश पटेल भी कुएं के अंदर गया था, जिसकी भी सांसें भरने लगी। फिर उसे बचाने उसके दो बेटे राजेंद्र और जितेंद्र भी कुएं में उतर गए। पड़ोस के टिकेश चंद्रा भी उन्हें बचाने कुएं के अंदर चला गया। इस तरह गैस रिसाव से पिता और उसके 2 बेटे समेत 5 लोगों की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही बिर्रा पुलिस और तहसीलदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने SDRF की टीम को बुलाया, जिन्होंने शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। (Janjgir Champa Death News)

14 जनवरी को 6 लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि 14 जनवरी 2024 राजधानी दिल्ली में अंगीठी ने फिर 6 लोगों की जान ले ली थी। ठंड से बचने के लिए रात में आग जलाना दो परिवारों के लिए जानलेवा साबित हो गया। पहली घटना आउटर नॉर्थ दिल्ली के खेड़ा इलाके की थी, जहां घर में 4 लोगों की लाश मिली। इनमें पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल थे। पुलिस का कहना है कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे में अंगीठी जली हुई थी। घटना में जिन दो बच्चों की मौत हुई है, उनमें एक की उम्र 7 साल और दूसरे की 8 साल है। इस बीच पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में भी घर के अंदर दो लोग मृत हालत में मिले। उनके घर के अंदर अंगीठी जली हुई थी। दोनों नेपाली मूल के थे। (Janjgir Champa Death News)




