Very Heavy Rain Warning: गहरे दवाब का क्षेत्र पुरी तट से टकराया, भारी बारिश की संभावना, IMD ने जारी की चेतावनी
Very Heavy Rain Warning : बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के क्षेत्र के सोमवार को ओडिशा में पुरी के पास तट से टकराने के बाद राज्य सरकार ने उन तटीय जिलों में राहत एवं बचाव अभियान के लिए कमर कस ली है, जिनके इस मौसम प्रणाली से प्रभावित होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि गहरे दबाव का क्षेत्र किसी निम्न दबाव क्षेत्र का अधिक तीव्र चरण होता है और यह अमूमन चक्रवाती तूफान के पहले बनता है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी (Very Heavy Rain Warning) जारी की है।
गहरे अवदाब के कारण दक्षिणी बंगाल में मध्यम बारिश होगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे अवदाब के ओडिशा में पुरी तट पर पहुंचने के कारण पश्चिम बंगाल के दक्षिणी इलाकों में अगले दो दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों के अधिकतर स्थानों पर और राज्य के शेष दक्षिणी भागों में कई स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में हो रही है लगातार बारिश
छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर सहित अधिकतर जिलों में सोमवार रात्रि से लगातार बारिश हो रही है। प्रदेश में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। बस्तर इलाके में भी भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
इन 21 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही आईएमडी ने कई राज्यों में भारी बारिश (Very Heavy Rain Warning) की भी भविष्यवाणी की है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आईएमडी ने राजस्थान, उत्तराखंड, छत्तीगसगढ़, गोवा, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बलौदाबाजार जिले में हुआ था हादसा
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में भारी बारिश के कारण दर्दनाक हादसा हो गया था। इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दरअसल, सभी लोग बारिश से बचने के लिए तालाब के किनारे पेड़ के नीचे खड़े थे इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी। जिस कारण से 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।



