Google Analytics —— Meta Pixel

Train Accident : फ‍िर ट्रेन पलटाने की साजिश, रेलवे ट्रैक पर मिला गैस सिलेंडर, बड़ा हादसा होने से बचा

Train Accident : ट्रेन पलटाने की एक और साजिश नाकाम हो गई है। इस बार कानपुर के महाराजपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर रखा मिला है। लोको पायलट ने सूझ बूझ का परिचय देते हुए सिलेंडर से टकराने से पहले ही ट्रेन रोक दी और हादसा होने से बचा लिया। जिस जगह ट्रैक पर सिलेंडर रखा था वह लूप लाइन है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कानपुर में सवा महीने भीतर यह तीसरी बार रेल पलटाने की साजिश हुई है। इसके पहले साबरमती एक्सप्रेस के सारे 22 डिब्बे डीरेल हो गए थे, जबकि कालिंदी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई थी।

यह भी पढ़ें:- ओडिशा में आर्मी अफसर की मंगेतर के साथ यौन उत्पीड़न, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

रविवार को सुबह 5.55 बजे कानपुर से प्रयागराज जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को लूप लाइन में कानपुर सेंट्रल और फतेहपुर स्टेशनों के बीच प्रेमपुर के पास छोटा (5 किलो) खाली गैस का सिलेंडर रखा दिखा।

लोको पायलट ने सतर्कता दिखाई और सिलेंडर को देखते ही ट्रेन का इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। इससे सिलेंडर से काफी ही ट्रेन रुक गई। लोको पायलट ने एक मिनट बाद ही कंट्रोल को घटना की सूचना दे दी। इसके बाद मौके पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची। डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया। सिलेंडर से लेकर आसपास के इलाके में डॉग स्क्वायड के साथ जांच की गई। रेलवे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के निर्देश जारी किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को जेटीटीएन मालगाड़ी कानपुर से प्रयागराज की ओर चली थी। ट्रेन सरसौल स्टेशन के आगे प्रेमपुर स्टेशन पर लूप लाइन से गुजरने लगी तो लोको पायलट देव आनंद गुप्त और सहायक लोको पायलट सीबी सिंह ने सिग्नल से कुछ दूरी पर एक सिलेंडर रखा देखा। उन्‍होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। ट्रेन, सिलेंडर से पहले ही खड़ी हो गई। सूचना पर रेलवे के आईओडब्ल्यू, आरपीएफ इंस्पेक्टर बीपी सिंह, जीआरपी प्रभारी ओएन सिंह भी मौके पहुंचे। जांच के बाद खाली सिलेंडर को ट्रैक से हटा दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने पुलिस और सुरक्षा बल से पूरी घटना की रिपोर्ट तलब की है। (Train Accident)

बार-बार ट्रेन पलटाने की कोशिशों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस भी अलर्ट पर है। सबकी टीमें साजिशों के खुलासे की कोशिशों में जुटी हैं। पुलिस कमिश्‍नर ने कानपुर में ट्रैक पर सिलेंडर मिलने की घटना की भी जांच का आदेश का आदेश दिया है। उन्‍होंने इस पर पूरी रिपोर्ट मांगी है। आज संयुक्‍त टीम जांच करेगी। (Train Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!