Train Stone Pelting : फिर ट्रेन पर पथराव, महाबोधि एक्सप्रेस को बनाया निशाना, कई यात्री घायल
Train Stone Pelting : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ट्रेन पर पथराव (Train Stone Pelting) का मामला सामने आया है. यहां महाबोधि एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है. ये ट्रेन नई दिल्ली से बिहार के गया जा रही थी. जैसे ही ट्रेन यमुना ब्रिज के पास पहुंची, अराजक तत्वों ने चलती ट्रेन पर पथराव कर दिया. पथराव की घटना से ट्रेन में यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. पत्थर लगने से कई यात्रियों के चोटिल होने की भी सूचना है. घटना सोमवार की रात करीब 9 बजे के आसपास की है।
आरपीएफ की सूचना पर मीरजापुर स्टेशन पर ट्रेन को रुकवाया गया. वहां घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. रात में ट्रेन पर हुए पथराव की खबर से प्रयागराज पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप की स्थित बन गई. आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आरपीएफ को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
प्रयागराज जंक्शन से आरपीएफ अधिकारी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे. लेकिन, तब तक ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई. ट्रेन को मीरजापुर स्टेशन पर रोककर घायल यात्रियों का इलाज कराया गया. घटना को लेकर रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया. विभाग ने आरपीएफ को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. एक के बाद एक ट्रेनों पर पथराव और पटरियों पर संदिग्ध वस्तुएं मिलने के मामले सामने आ रहे हैं. इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में भी हुई थी पथराव की घटना
बता दें कि इससे पहले हाल ही में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में ‘ट्रायल रन’ के दौरान दुर्ग-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव (Train Stone Pelting ) की घटना हुई थी। ट्रेन पर पथराव के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल ने तब 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। रेलवे सुरक्षा बल (महासमुंद) के निरीक्षक प्रवीण सिंह धाकड़ ने बताया कि घटना 13 सितंबर की रात लगभग 9 बजे बागबाहरा रेलवे स्टेशन के करीब हुई, जब ट्रेन ‘ट्रायल रन’ के दौरान विशाखापत्तनम से दुर्ग लौट रही थी। धाकड़ ने बताया कि ट्रेन ‘ट्रायल रन’ के लिए दुर्ग से रवाना हुई और रायपुर से गुजरते हुए महासमुंद पहुंची थी।



