Google Analytics —— Meta Pixel

मध्यप्रदेश और राजस्थान में जनता ने कांग्रेस की गुब्बारे की हवा निकाल दी: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi in Hisar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के हिसार में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हरियाणा आज खेती और उद्योग, दोनों मामलों में देश के टॉप राज्यों में बनता जा रहा है। हरियाणा की माताओं-बहनों ने यहां एक नारा दिया है – म्हारा हरियाणा, नॉनस्टॉप हरियाणा। हरियाणा का विकास ऐसे ही नॉनस्टॉप चलते रहना चाहिए। इसलिए हरियाणा तीसरी बार भाजपा को मौका देने का मन पक्का कर चुका है। चारों तरफ से आवाज आ रही है – भरोसा दिल से, भाजपा फिर से…।

यह भी पढ़ें:- अच्छी कनेक्टिविटी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता की सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण तेजी से पूर्ण करें : अरुण साव

PM मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है। कांग्रेस पस्त पड़ती जा रही है। कांग्रेस के नेता अब कहने लगे हैं कि हरियाणा में भी वही हाल होगा, जो मध्य प्रदेश में हुआ था। मध्य प्रदेश और राजस्थान में पिछले चुनाव में इन्होंने झूठ का गुब्बारा खूब फुलाया, लेकिन जनता ने वोट की चोट देकर उस गुब्बारे की हवा निकाल दी। अब हरियाणा में भी यही होने जा रहा है। कांग्रेस का ये हाल इसलिए होता है, क्योंकि कांग्रेस देश की सबसे धोखेबाज और बेईमान पार्टी है। हिमाचल का इन्होंने क्या हाल कर दिया? हिमाचल में इन्होंने क्या-क्या झूठ बोला, उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। (PM Modi in Hisar)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने अपने वायदों से पल्ला झाड़ लिया है। जनता कांग्रेस से कह रही है – क्या हुआ तेरा वादा? जहां कांग्रेस होती है, वहां कभी स्थिरता नहीं आ सकती, जो पार्टी अपने नेताओं के बीच ही एकता नहीं ला सकती, वो राज्य में स्थिरता कैसे लाएगी? यहां कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए मारामारी मची है। बापू भी दावेदार है, बेटा भी दावेदार है। दोनों मिलकर, बाकियों को निपटाने में लगे हैं। कांग्रेस में दलितों और पिछड़ों के लिए दरवाजे एकदम बंद हैं। कांग्रेस के राज में गोहाना में दलितों पर अत्याचार हुआ, कांग्रेस चुप रही। कांग्रेस के राज में मिर्चपुर कांड हुआ, कांग्रेस चुप रही। कांग्रेस के राज में दलित बेटियों के साथ अत्याचार हुआ, अन्याय हुआ, कांग्रेस चुप रही। (PM Modi in Hisar)

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस का शाही परिवार कह रहा है कि दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। कांग्रेस ने दलितों पर जो अत्याचार किया है, उसे दलित समाज कभी भूल नहीं सकता। भाजपा सर्वसमाज की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री सैनी जी सबको साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सरकार ने हरियाणा के मुख्यमंत्री निवास का नाम कबीर कुटीर रखा है। यहां हिसार में ही दलित परिवारों में भी जो वंचित हैं, उनके बच्चों के लिए बने कबीर छात्रावास का फंड भी भाजपा ने बढ़ाया, जिनका कोई नहीं, जिनको कोई नहीं पूछता, मोदी उनको पूजता है। आज मुद्रा योजना से हरियाणा के लाखों लोगों को बिना गारंटी के लोन मिले हैं। (PM Modi in Hisar)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये गरीब, दलित और पिछड़े परिवारों के लोग हैं। मोदी ने रेहड़ी-पटरी और ठेलों पर काम करने वाले अपने भाई-बहन का भी ध्यान रखा है। ये कोई धन्नासेठ नहीं हैं, ये गांव, गरीब, दलित, पिछड़े परिवारों के मेरे भाई-बहन हैं। कांग्रेस ने किसानों को भी हमेशा वोटबैंक के रूप में ही देखा है। कांग्रेस ने हमेशा किसानों को पानी के लिए तरसाया है, जबकि भाजपा उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। कांग्रेस यहां किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन आपको भूलना नहीं है कि हुड्डा की सरकार तो 2 रुपये के मुआवजे देने वाली सरकार थी, लेकिन ये भाजपा सरकार है, जो बिना मांगे देश के 10 करोड़ से ज्यादा किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के रूप में 6,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजती है। (PM Modi in Hisar)

उन्होंने यह भी कहा कि यहां कांग्रेस ने MSP पर भी आपसे सिर्फ झूठ बोला है। सच्चाई ये है कि यहां भाजपा की सरकार 24 फसलों को MSP पर खरीद रही है। जबकि कांग्रेस शासित राज्यों में इक्का-दुक्का फसलें ही MSP पर खरीदी जाती है। ऐसी धोखेबाज कांग्रेस पर हमारे किसान भरोसा कर सकते हैं क्या? हरियाणा का भरोसा तो भाजपा पर ही है। कांग्रेस ने यहां के युवाओं पर भी दोहरा वार किया है। कांग्रेस के समय में बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी, घूस देने के लिए गरीब को खेत तक बेच देने पड़ते थे। भाजपा ने बिना खर्ची-पर्ची नौकरियां दीं और यही बात कांग्रेस को अखर गई है। इसलिए कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने युवाओं को नौकरियां देने पर ब्रेक लगवा दिया। (PM Modi in Hisar)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमारी सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। इसी कांग्रेस ने हमारे सेनाध्यक्ष तक को गली का गुंडा कहा था। कांग्रेस ने हमारी सेना के बजाए दुश्मनों के झूठ पर विश्वास किया। क्या देशभक्त हरियाणा के लोग ऐसी कांग्रेस को बर्दाश्त करेंगे? आज 28 सितंबर है, 28 सितंबर की रात को ही भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी। भारत ने आतंक के आकाओं को बता दिया था कि भारत अब घर में घुसकर मारता है। हरियाणा की जनता और हरियाणा भाजपा के कार्यकर्ता एक साथ मिलकर विकास को नई गति देने के लिए तैयार हैं। ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं से पिछले दिनों बातचीत करने का अवसर मिला। 2 दिन पहले अनेक साथियों से मेरी चर्चा हुई। उनका आत्मविश्वास देखकर मेरा विश्वास और ज्यादा बढ़ गया है। मैं हरियाणा के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कहूंगा कि ‘हरियाणा हांगे का प्रदेश है, पूरा हांगा ला दियो।’ (PM Modi in Hisar)

Back to top button
error: Content is protected !!