सनातन काल से ही स्वच्छता हमारे संस्कार और स्वभाव का हिस्सा: डिप्टी CM अरुण साव

Sao on Cleanliness Campaign: डिप्टी CM और बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव तकनीकी शैक्षणिक संस्थाओं की ओर से स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साव ने पखवाड़ा के दौरान बेहतरीन काम करने वाले NSS और NCC के स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि साव ने कहा कि स्वच्छता हमारे लिए कोई नई चीज नहीं है। आदिकाल से यह हमारी आदत और संस्कार में शामिल रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सुशांत शुक्ला ने की।
यह भी पढ़ें:- बुजुर्गों का आशीर्वाद हमारी बड़ी ताकत: डिप्टी CM अरुण साव
डिप्टी CM साव ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दशक पहले स्वच्छ भारत मिशन का शुभारंभ किया। उस समय बहुत से लोग सोचते थे कि यह क्या नई चीज है। लोगों के मन में स्वच्छता अभियान को लेकर आशंका थी, लेकिन लोग अब इतने दिनों में इसकी महत्ता समझ चुके हैं। सबको साफ-सुथरा रहना पसंद आने लगा है। साव ने कहा कि स्वच्छता सनातन काल से हमारी संस्कृति का अटूट हिस्सा रही है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा के समापन कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्नीक कॉलेज, आदर्श ITI और शासकीय कृषि महाविद्यालय की ओर से किया गया था। (Sao on Cleanliness Campaign)

साव ने कार्यक्रम में कहा कि हम कितने भी महंगे कपड़े पहन लें, अगर वह साफ-सुथरा नहीं है तो उसका कोई मतलब नहीं है। हम अपने घर के भीतर तो साफ-सफाई रखते हैं, लेकिन आसपास की स्वच्छता को भूल जाते हैं। इसकी चिंता नहीं करते। घर की ही तरह अपने परिवेश, गांव, मोहल्ला और शहर की सफाई पर भी ध्यान देना है। ‘स्वच्छता परमो धर्मः’ के ध्येय को सामने रखकर लोगों को जागरुक करने प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अवनीश शरण, नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार, नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह और शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य टी.एस. चावला समेत बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थी, शिक्षक, NSS-NCC के स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक भी समारोह में मौजूद थे। (Sao on Cleanliness Campaign)



