नियम विरूद्ध काम करना पड़ा भारी, इस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पर 31 लाख 32 हजार का जुर्माना

State Nodal Agency Action: राज्य नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ द्वारा आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजनांतर्गत नियम विरूद्ध कार्य करने वाले अस्पतालों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। राज्य नोडल एजेंसी को अस्पतालों के विरूद्ध अनावश्यक पैकेज ब्लॉक करने, अनावश्यक IPD और ICU के पैकेज ब्लॉक करने, योजनांतर्गत लाभ देने से मना करने, अतिरिक्त नगद राशि लिए जाने की शिकायतें मिली थी, जिसके कारण अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। अस्पतालों की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने या स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें:- डिप्टी CM अरुण साव ने स्टूडेंट्स के साथ बैठकर लिया फरा-चटनी का स्वाद, युवाओं से कई मुद्दों को लेकर की चर्चा
इसके तहत रायपुर के बाबूजी केयर हॉस्पिटल और बालोद के डौंडी-लोहारा स्थित समता हॉस्पिटल के अनावश्यक रूप से पैकेज ब्लॉक करने समेत उच्चाधिकारियों के आदेश पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देने के कारण पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। जय अम्बे मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर द्वारा गलत तरीके से ICU के पैकेज ब्लॉक करने के कारण जारी स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर 31 लाख 32 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया और तीन महीने के लिए अस्पताल को योजना से निलंबित किया गया है। (State Nodal Agency Action)
स्वास्थ्य मंत्री की वजह से मिली सुविधा
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। दरअसल, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं के सामान्य प्रसव की सुविधाएं उपलब्ध थी, जिसकी वजह से उच्च जोखिमवाली गर्भवती महिलाओं को सीजेरियन ऑपरेशन के लिए अक्सर दूसरे अस्पतालों का रूख करना पड़ता था। वर्तमान में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से अब जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं को सीजेरियन आपरेशन की सुविधा भी मिल रही है। सीजेरियन की सुविधा उपलब्ध होने से अब गर्भवती महिलाओं को निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीजेरियन सेक्शन का लाभ मिलने के कारण जिले के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्रों जैसे भरतपुर की गर्भवती महिलाओं को बहुत बड़ी राहत मिली है। (State Nodal Agency Action)



