पुलिया से टकराई तेज रफ्तार बस, 12 लोगों की मौत, 35 से ज्यादा घायल

Rajasthan Road Accident: देशभर में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला राजस्थान के सीकर जिले का है, जहां लक्ष्मणगढ़ में एक तेज रफ्तार बस पुलिया से टकरा गई, जिसमें सवार 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज लक्ष्मणगढ़ और सीकर के अस्पतालों में जारी है। वहीं 7 लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें जयपुर रेफर किया गया। हादसा लक्ष्मणगढ़ में पुलिया के पास दोपहर के समय में हुआ है। जानकारी के मुताबिक बस सालासर से नवलगढ़ जा रही थी। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई।
यह भी पढ़ें:- रायपुर रेलवे स्टेशन में युवक की हत्या, चाकू से गला रेतकर उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक बस को लक्ष्मणगढ़ पुलिया से जयपुर-बीकानेर रोड की तरफ जाना था, लेकिन रफ्तार तेज होने के चलते बस पूरी तरह घूम नहीं सकी और सीधे पुलिया से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का आगे का 3 से 4 फीट हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज रफ्तार बस पुलिया की दीवार से टकराई, जिसकी वजह से ड्राइवर के साइड का पूरा हिस्सा चकनाचूर हो गया। (Rajasthan Road Accident)
मुख्यमंत्री भजनलाल ने जताया दुख
हादसे को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सीकर के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के शोकसंतप्त परिवारजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ दें। (Rajasthan Road Accident)
PM नरेंद्र मोदी ने भी जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को लेकर दुख जताया है। साथ ही मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। PM मोदी ने कहा कि राजस्थान के सीकर में हुआ बस हादसा हृदयविदारक है। इसमें जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने का संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है। (Rajasthan Road Accident)



