कांग्रेस विधायक जगताप ने चुनाव आयोग को कहा कुत्ता, BJP ने दर्ज कराई खिलाफ शिकायत

Congress MLA Jagtap Statement: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस लगातार EVM और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। इस बीच कांग्रेस विधायक भाई जगताप ने चुनाव आयोग को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग कुत्ता है, जो PM नरेंद्र मोदी के बंगले के बाहर बैठते हैं, जितनी भी एजेंसियां लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बनाई गई है, दुर्भाग्य से उनका इस्तेमाल करके पूरे देश में कांड हो रहे हैं। EVM मुद्दे पर जगताप ने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। अगर EVM को लेकर तरह का कोई संदेह पैदा होता है तो उसका जवाब दिया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- Maharashtra New Cm : महाराष्ट्र में 5 दिसंबर को बनेगी नई सरकार, सीएम की दौड़ में फडणवीस सबसे आगे
उन्होंने कहा कि इस पर सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की गई है। अप्रैल 2024 में इस पर फैसला सुनाया गया। कहा गया कि अगर आपको बैलेट पेपर नहीं चाहिए तो VVPAT पर्चियों की गिनती होनी चाहिए। याचिका में कहा गया था कि 50% VVPAT की गिनती होनी चाहिए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह 5% होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। देश के प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए बैलेट पेपर की बात कही थी तो अब क्या हुआ? लालकृष्ण आडवाणी ने भी यही कहा था। वे कह रहे हैं कि हम यह मुद्दा इसलिए उठा रहे हैं, क्योंकि हम महाराष्ट्र में चुनाव हार गए हैं, लेकिन तब आप भी यही कह रहे थे। एक बार इसकी जांच कर लें। (Congress MLA Jagtap Statement)
भाजपा नेता सोमैया ने जताई आपत्ति
वहीं जगताप के बयान पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि ये संवैधानिक निकाय का अपमान है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैंने चुनाव आयोग और मुंबई पुलिस में जगताप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इधर, जगताप ने अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर माफी मांगने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि चुनाव आयोग की चापलूसी के कारण देश का लोकतंत्र बदनाम हुआ है। कुत्ते वाले टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल भी माफी नहीं मांगूंगा। अगर वे प्रधानमंत्री और अन्य मंत्रियों के दबाव में काम कर रहे हैं तो मैंने जो कहा है वह सही है। (Congress MLA Jagtap Statement)
ऐसे बयान नहीं देने चाहिए: सामंत
जगताप ने कहा कि चुनाव आयोग देश के लोकतंत्र को और मजबूत करने के लिए है। किसी की सेवा करने के लिए नहीं। मैं अपनी बात पर कायम हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस EVM तकनीक इसलिए लाई, क्योंकि इसका इस्तेमाल फ्रांस और अमेरिका में हो रहा था, लेकिन 2009 के बाद इसके इस्तेमाल पर संदेह पैदा होने लगा। जगताप के बयान पर शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा कि उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। अगर उन्हें लगता है कि EVM में कुछ गड़बड़ी है तो उन्हें EVM की रैंडम जांच करानी चाहिए। सच्चाई सामने आ जाएगी। ऐसे बयानों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। (Congress MLA Jagtap Statement)
चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था: केसरकर
शिवसेना विधायक दीपक केसरकर ने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है, उसे इनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। भाई जगताप को ऐसा बयान देने के लिए माफी मांगनी चाहिए। RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी हार की बौखलाहट में यह सब बोलते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीति में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विपक्ष के उठाए गए EVM मुद्दों पर कहा कि जीतें तो ठीक है, लेकिन हारें तो किसी और पर दोष मढ़ दें। ऐसा कब तक चलेगा? जो खुद को पहचानना नहीं चाहते, जो अपनी कमियां नहीं देखना चाहते, उनकी मदद कौन कर सकता है? (Congress MLA Jagtap Statement)



