Google Analytics —— Meta Pixel

गरियाबंद में भाजपा को बड़ा झटका! टिकट कटने से नाराज प्रशांत मानिकपुरी ने भरा निर्दलीय नामांकन, क्या पार्टी मना पायेगी या कांग्रेस को होगा फायदा?

विजय सिन्हा संवाददाता अनमोल न्यूज24 गरियाबंद: नगरपालिका चुनाव के ठीक पहले गरियाबंद की राजनीति में बड़ा सियासी भूचाल आया है। भाजपा ने अधिवक्ता प्रशांत मानिकपुरी को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित कर राजनीति में नई हलचल पैदा की थी। लेकिन, महज 24 घंटे के भीतर पार्टी ने अप्रत्याशित कदम उठाते हुए उनका टिकट काटकर रिखी राम यादव को उम्मीदवार बना दिया। इस फैसले से न सिर्फ पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ी है, बल्कि अब प्रशांत मानिकपुरी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरकर भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

यह भी पढ़े :- Balodabazar : श्री सीमेंट संयंत्र खपराडीह में हुई घटना को लेकर कलेक्टर का कड़ा रुख, लगाई सभी सीमेंट संयंत्रों के अधिकारियों की क्लास

भाजपा के लिए चुनौती, कांग्रेस को लाभ?

भाजपा के इस आंतरिक विवाद ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस के लिए संभावनाओं का नया द्वार खोल दिया है। प्रशांत मानिकपुरी अगर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में रहते हैं, तो इससे भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में बिखराव तय माना जा रहा है। इससे कांग्रेस को सीधा फायदा हो सकता है। इस परिस्थिति ने भाजपा को एक बड़े संकट में डाल दिया है, जहां एक तरफ अपने असंतुष्ट नेता को मनाना है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के संभावित लाभ को रोकना है।

नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 31 जनवरी, भाजपा के लिए आखिरी मौका

भाजपा के पास प्रशांत मानिकपुरी को मनाने और स्थिति को संभालने के लिए 31 जनवरी तक का समय है, जो नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है। अगर प्रशांत को मनाने में पार्टी विफल रहती है, तो यह बगावत चुनावी समीकरण को भाजपा के खिलाफ मोड़ सकती है।

भाजपा की रणनीति पर नजरें टिकीं

अब सवाल यह है कि भाजपा प्रशांत मानिकपुरी को मनाने के लिए क्या कदम उठाएगी? क्या पार्टी इस आंतरिक संकट को सुलझा पाएगी, या यह बगावत उसके लिए सिरदर्द बनेगी? गरियाबंद का यह चुनाव अब भाजपा और कांग्रेस के लिए समान रूप से अहम हो गया है।

आगामी दिनों में गरियाबंद की राजनीति में क्या नया मोड़ आएगा, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!