Google Analytics —— Meta Pixel

देश की राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद BJP की सरकार, एग्जिट पोल्स ने बचाई अपनी साख

Delhi Assembly Election Result: देश की राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी सरकार की वापसी करती हुई दिख रही है। इससे पहले भाजपा ने दिल्ली में 1993 में सरकार बनाई थी। तब भाजपा ने 49 सीटें जीतकर 5 साल में 3 CM बनाए थे। इसके साथ ही एग्जिट पोल्स ने अपनी साख बचा ली है। दरअसल, पिछले 2-3 चुनाव में एग्जिट पोल के नतीजे फेल हो गए थे। इसलिए लोगों और नेताओं ने एग्जिट पोल्स पर भरोसा करना छोड़ दिया था। इस बार 14 एग्जिट पोल आए, जिसमें से 12 में भाजपा और 2 में केजरीवाल की सरकार बनने का अनुमान जताया गया था।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली चुनाव रिजल्ट को लेकर जम्मू CM अब्दुल्ला का AAP पर तंज, कहा- और लड़ो आपस में…!

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हम अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। हमारा मानना ​​है कि अंतिम नतीजे भाजपा के पक्ष में और भी निर्णायक होंगे। यह दिखाता है कि लोगों को प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों पर कितना भरोसा है। यह हमारे लिए सकारात्मक परिणाम है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि हम थोड़ा और इंतजार करेंगे, हमें इससे और बेहतर टैली मिलेगी। दिख रहा है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को स्वीकार कर लिया है। दिल्ली का हर वर्ग अब आम आदमी पार्टी से दूर हो गया है, ये रुझानों में दिख रहा है। मुझे लगता है कि परिणाम भी वैसा ही होगा, क्योंकि जनता आज आम आदमी पार्टी की अकर्मण्यता और भ्रष्टाचार का जवाब दे रही है। (Delhi Assembly Election Result)

आप और कांग्रेस ने दिल्ली को पूरी तरह बर्बाद कर दिया: सिंधिया

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि भाजपा आगे है और आगे ही रहेगी। कांग्रेस-AAP कल से ही बोल रहे हैं EVM और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी है, वे बहाने तो बनाएंगे ही… भाजपा की सरकार बनेगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने दिल्ली को पूरी तरह बर्बाद कर दिया था। दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री पर पूरा विश्वास जताया है। थोड़ी देर में पूरे नतीजे आ जाएंगे। अब AAP (आम आदमी पार्टी) के जाने का समय आ गया है। (Delhi Assembly Election Result)

जनता ने केजरीवाल की आंखें खोलने का काम किया: भाटिया 

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि हम जनता का आभार व्यक्त करते हैं। लोगों ने स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है कि वे डबल इंजन सरकार चाहते हैं। लोगों ने कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल की आंखें खोलने का काम किया है। EVM, पुलिस, चुनाव आयोग को दोष देने वाली इस नकारात्मक राजनीति का अंत होगा। हमें उम्मीद है कि भाजपा की जीत होगोी और भाजपा लोगों की सेवा के लिए तैयार है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि एक ओर लोगों ने भाजपा की अन्य राज्य सरकारों के कार्यों को देखा और दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल थे जिन्होंने 10 साल तक झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया। दोनों की तुलना करने के बाद, जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना समर्थन और वोट दिया, जिसके कारण आज भाजपा दिल्ली में अपनी सरकार बनाने जा रही है। (Delhi Assembly Election Result)

दिल्ली में विकास की एक नई कहानी लिखेंगे: खंडेलवाल 

उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में विकास की एक नई कहानी लिखेंगे। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को उनके किए की बड़ी सजा देने जा रही है। दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पीछे चलने का कारण उनका 10 साल का एंटी इनकंबेंसी है। उन्होंने शुरू से अंत तक झूठ बोला, उन्होंने कुछ नहीं किया। लोग इन सब से तंग आ चुके हैं। दिल्ली के लोगों ने उन्हें 2 मौके दिए, लेकिन अब वे बेनकाब हो चुके हैं। लोग कब तक उनके झूठ को बर्दाश्त करेंगे, अब लोग उन्हें नकार रहे हैं। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव पर उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से जनता परेशान हो गई है। इन्होंने जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। ये स्वीकार्य नहीं है। (Delhi Assembly Election Result)

लोग प्रधानमंत्री मोदी और विकास चाहते हैं: शाइना 

मंत्री अंसारी ने कहा कि जनता ने भाजपा पर विश्वास दिखाया है। सपा और AAP को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में सपा का जो हाल हुआ है, दिल्ली में AAP का वही हाल होने वाला है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ, विकास के मॉडल को अपनाने के लिए वोट दिया है। हम शाम तक भाजपा की सरकार बनाने में सफल होंगे। दिल्ली में भाजपा का कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बनेगा, यह (मुख्यमंत्री) केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा कि 27 साल बाद इतिहास बनने जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने सिर्फ वादे किए, लेकिन कुछ नहीं किया। यही कारण है कि आतिशी हार रही हैं, रमेश बिधूड़ी जीत रहे हैं, नई दिल्ली में परवेश वर्मा जीत रहे हैं, अरविंद केजरीवाल हार रहे हैं, मनीष सिसोदिया हार रहे हैं। लोगों ने फैसला कर लिया है कि वे बदलाव चाहते हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी और विकास चाहते हैं। (Delhi Assembly Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!