सनकी युवक ने गर्लफ्रेंड समेत 5 लोगों को उतारा मौत के घाट, जहर खाकर थाने में किया सरेंडर
5 People Killed Kerala: केरल के तिरुवनंतपुरम में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां के वेंजारामूडू में 23 साल के एक युवक ने 5 लोगों की हत्या कर दी है। आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड, भाई, दादी, चाचा और चाची की चाकू-हथौड़ा से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी मां पर हमला कर उन्हें भी मारने की कोशिश की। आरोपी युवक ने पूरी प्लानिंग के साथ तीन अलग-अलग जगहों पर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद जहर खाकर वेंजारामूडू थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। थाने में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी मां, प्रेमिका समेत 6 लोगों की हत्या की है। सनकी युवक का नाम अफ्फान है।
यह भी पढ़ें:- मेजबान पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी से हुआ बाहर, सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
वेंजारामूडू पुलिस ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जिसमें आरोपी का भाई अहसन, दादी सलमा बीवी, चाचा लतीफ, चाची शाहिदा और उसकी प्रेमिका फरशाना शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ 2 पुलिस स्टेशन में तीन मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि युवक भारी कर्ज में डूबा हुआ था, लेकिन परिवार वालों ने उसे चुकाने के लिए मना कर दिया था। इसी वजह से युवक ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गल्फ देश में बिजनेस करता था, लेकिन वहां उसे भारी नुकसान हुआ। इस कारण उसने बहुत ज्यादा कर्ज ले लिया था, लेकिन परिवार ने उसकी कोई मदद नहीं की। इसलिए उसने सबकी हत्या कर दी। (5 People Killed Kerala)

पुलिस का कहना है कि उन्हें आरोपी की बताई हुई बातों पर शक है। फिलहाल पुलिस कई एंगल से मामले की जांच में जुट हुई है। अफ्फान के मोबाइल और कॉल डिटेल्स की जांच हो रही है। आरोपी अफ्फान ने अपनी मां शेमी (47 साल) पर भी हमला किया। वो कैंसर की मरीज है। उनकी हालत गंभीर है, जो तिरुवनंतपुरम के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के ICU में भर्ती हैं। वहीं अफ्फान को भी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उसने पुलिस को बताया था कि उसने चूहे मारने वाली दवा खाकर खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (5 People Killed Kerala)



