CGMSC गड़बड़ी मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से भिड़े अजय चंद्राकर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन ने शांत कराया मामला
CGMSC Disturbance Case: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने CGMSC में रिएजेंट खरीदी और अनियमितता का मुद्दा उठाया। इस दौरान उनकी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से बहस हो गई। दरअसल, मंत्री जायसवाल चंद्राकर के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस बीच अजय चंद्राकर ने मंत्री को रोककर कह दिया कि भाषण मत दिजिए, मेरे सवाल का जवाब दीजिए। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने भी कह दिया कि गड़बड़ी का पता चलते ही मामला EOW को जांच के लिए सौंप दिया है। अब मंत्री अफसर को सूली पर तो नहीं टांग सकता ना। इस पर करीब 10 मिनट तक दोनों के बीच बहसबाजी होती रही।
यह भी पढ़ें:- CG Assembly Budget : लोक निर्माण विभाग के बजट में वर्ष 2030 तक के लिए सड़कों के व्यवस्थित विकास की कार्ययोजना – अरूण साव
दरअसल, बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने मेडिकल सप्लाई का मुद्दा उठाया था, जिसमें 380 करोड़ की गड़बड़ी पाई गई है। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग में बजट नहीं होने के बाद भी कई गुना ज्यादा दामों में मेडिकल मशीनें खरीदी गई है। इसे छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा घोटाला माना जा रहा है। विधायक अजय चंद्राकर ने विधानसभा में पूछा कि मोक्षित कॉर्पोरेशन की ओर से सप्लाई में गड़बड़ी पाई गई तो विभाग में पैसा न होने पर भी किस अफसर ने खरीदी की ?, जिसका जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इन्हीं सब गड़बड़ियों के चलते इतिहास में सबसे बड़ी कार्रवाई की, सप्लाई करने वाला जेल में है। हमने 15 अधिकारियों के खिलाफ NOC दिया है। EOW की इससे बड़ी कार्रवाई क्या हो सकती है। (CGMSC Disturbance Case)
अरे भाषण मत दीजिए: चंद्राकर
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि अरे भाषण मत दीजिए, प्रश्न का उत्तर दीजिए। मैंने पूछा है कि जो पैसा नहीं होने के बाद भी खरीदी की गई तो ऐसा करना नियम में है क्या, नहीं है तो कौन अधिकारी है, जिसने ऐसा किया। उसके खिलाफ अपने क्या कार्रवाई की, 25 लोगों को जेल में डाला है। इससे मतलब नहीं है। मेरा प्रश्न स्पेसिफिक है, जिसमें उत्तर चाहिए। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी ने कहा कि वृहद रैकेट के रूप में काम किया गया है। स्वास्थ्य विभाग में कुछ मात्रा में खरीदी करनी पड़ सकती है। चंद्राकर ने पूछा- कुछ मात्रा 385 करोड़ की नहीं हो सकती। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने विधायक चंद्राकर से कहा कि आप धैर्य से बैठिए, जवाब सुनिए। (CGMSC Disturbance Case)
खरीदी के 338 करोड़ रुपए देना अभी बाकी: जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कहा कि हमने जनवरी में ही जांच करवाई, जिसमें धीरे-धीरे यह पता चला कि जांच करने वाले ही उसमें मिले हुए हैं। इसके बाद हमने प्रदेश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी EOW को केस ट्रांसफर कर दिया। अब मंत्री को अधिकार नहीं है कि जांच करके अफसर को सूली पर लटका दे। EOW जांच कर रही है। विभाग जांच नहीं कर रहा है। इसलिए मैं समय सीमा नहीं बता पाऊंगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मोक्षित कॉर्पोरेशन से रिएजेंट और उपकरण सामग्री खरीदी गई। 2023-24 की रिएजेंट खरीदी के 338 करोड़ रुपए देना अभी बाकी है। पहले के सभी भुगतान हो चुके हैं। (CGMSC Disturbance Case)
खरीदी में क्या अनियमितता पाई गई?: चंद्राकर
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि खरीदी में क्या अनियमितता पाई गई? इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जितनी राशि का प्रावधान था उससे ज्यादा की खरीदी हुई। गड़बड़ियों के चलते ही जांच बैठाई गई है। इस मामले में बिना राशि के खरीदी को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी मांगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि हमने जांच रिपोर्ट मंगाई हैं। 15 अफसरों के खिलाफ EOW को जांच सौंपा है। चंद्राकर ने पूछा कि मोक्षित कॉर्पोरेशन ने क्या गड़बड़ी की है। इस पर मंत्री जायसवाल ने बताया कि बिना मांग के सप्लाई की गई। तय दर से कई गुणा ज्यादा कीमत पर समानों की आपूर्ति की गई। प्रथम दृष्टया सप्लायर को जेल में डाला गया है, जांच जारी है। (CGMSC Disturbance Case)



