भक्त माता कर्मा जयंती पर डाक टिकट का विमोचन, CM साय ने छत्तीसगढ़ के लिए बताया गर्व की बात

Bhakta Mata Karma Jayanti: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर के संतोषी नगर स्थित कर्माधाम में आयोजित समारोह में शामिल हुए, जहां भक्त माता कर्मा डाक टिकट का विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी CM अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधायक मोतीलाल साहू समेत साहू समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM साय ने कहा- भक्त शिरोमणि, वात्सल्यमयी माता कर्मा के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम।
यह भी पढ़ें:- दंतेवाड़ा-बीजापुर-नारायणपुर बॉर्डर पर मुठभेड़, 25 लाख के इनामी चैतु समेत 5 नक्सली ढेर
उन्होंने कहा कि माता कर्मा का भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम-स्नेह और उनके उपदेश हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं। सेवा और त्याग की प्रतिमूर्ति, भक्त शिरोमणि माता कर्मा की जयंती के अवसर पर डाक टिकट का विमोचन हम सभी को सदैव उनकी भक्ति का स्मरण कराता रहेगा। भक्त माता कर्मा का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ को मिलता रहे। साहू समाज का स्नेह बना रहे। भक्त माता कर्मा का डाक टिकट जारी होना गर्व की बात है। समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के प्रयास से पूरी हुई है। (Bhakta Mata Karma Jayanti)

CM साय ने आदर्श विवाह समारोह में शामिल नव दंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए समाज की एकजुटता और संस्कारशीलता की सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा भक्त माता कर्मा का जीवन निष्ठा, बलिदान और भक्ति की मिसाल है। डाक टिकट के माध्यम से उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाना, भावी पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत बनेगा। साहू समाज ने हमेशा मुझे अपार स्नेह दिया है और मैं समाज की इस ऐतिहासिक मांग को स्वीकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री साय ने यह भी जानकारी दी कि राजिम माता की मूर्ति स्थापना समेत अन्य विकास कार्यों के लिए पूर्व में घोषित 5 करोड़ रुपए की राशि अब बजट में शामिल कर दी गई है, जिससे समाज के धार्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिलेगी।

डिप्टी CM अरुण साव ने माता कर्मा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि माता कर्मा का आशीर्वाद समाज और प्रदेश दोनों के लिए कल्याणकारी है। यह डाक टिकट मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने डाक टिकट विमोचन को तैलिक समाज के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा यह डाक टिकट एक प्रतीक नहीं, बल्कि माता कर्मा के संघर्ष, सेवा और त्याग की राष्ट्रीय मान्यता है। समारोह में छत्तीसगढ़ साहू समाज के अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर संत माता कर्मा आश्रम शक्तिपीठ रायपुर को सामाजिक योगदान के लिए “गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स” से सम्मानित किया गया, जो पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, पवन साय, विधायक दीपेश साहू, विधायक संदीप साहू, डाक सेवाएं निदेशक दिनेश मिस्त्री समेत साहू समाज के कई प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इससे पहले CM साय ने राजधानी रायपुर के कर्मा धाम में भक्त माता कर्मा के दर्शन और पूजन किए। उन्होंने कहा कि मुझे पूजा और दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मां कर्मा से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। CM विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को भक्त माता कर्मा जयंती की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दी है। मुख्यमंत्री साय ने माता कर्मा से समस्त छत्तीसगढ़वासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना करते हुए कहा कि भक्त माता कर्मा का जीवन सेवा, भक्ति, त्याग और परोपकार की अनुपम मिसाल है। वे भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त थीं और उनका आदर्श आज भी जनमानस को प्रेरणा देता है। (Bhakta Mata Karma Jayanti)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में माता कर्मा जयंती का पर्व पूरे श्रद्धाभाव और सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाता है। साहू तैलिक समाज की आराध्य देवी माता कर्मा की जयंती पर पूरे राज्य में शोभायात्राएं, कलश यात्राएं और विविध धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन होते हैं, जिनमें सभी समाजों की भागीदारी से एकता और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित होता है। उन्होंने प्रार्थना की कि माता कर्मा का आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि माता कर्मा के आदर्श हमें समाज में करुणा, समानता और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे। (Bhakta Mata Karma Jayanti)




