भूकंप से तबाह म्यांमार में फिर लगे झटके, अब तक 154 मौतें, भारत ने भेजी राहत सामग्री

Earthquake in Myanmar : म्यांमार में शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के बाद से रह-रहकर झटके महसूस हो रहे हैं. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शुक्रवार रात 11:56 बजे (स्थानीय समयानुसार) म्यांमार में रिक्टर पैमाने पर 4.2 तीव्रता का एक और भूकंप आया. एनसीएस के अनुसार, नवीनतम भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था, जिससे इसके बाद झटके आने की आशंका बनी हुई है. झटकों का असर भारत, बांग्लादेश और चीन तक रहा। इस आपदा में अब तक 154 लोगों के मारे जाने की खबर है। जिसमें 144 लोग म्यांमार और थाईलैंड के 10 लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़े :- 30 मार्च को छत्तीसगढ़ आएंगे PM नरेंद्र मोदी, 33,700 करोड़ के विकासकार्यों की देंगे सौगात
भीषण भूकंप (Earthquake in Myanmar) के बाद म्यांमार और थाईलैंड में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। बैंकॉक में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। बैंकॉक में स्टॉक एक्सचेंज ने कारोबार स्थगित कर दिया। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में कई इमारतें हिल गईं। बहुमंजिला इमारतें ताश की पत्तों की तरह भरभराकर धराशाई हो गईं। म्यांमार में 144 लोगों की मौत हो गई, जबकि 730 लोग घायल हो गए। हर तरफ बर्बादी का मंजर नजर रहा है। लोग मलबों में अपनों की तलाश कर रहे हैं। भूकंप के चलते म्यांमार में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है।
वहीं अफगानिस्तान में भी शनिवार सुबह 5:16 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. जमीन से 180 किमी की गहराई में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.7 मापी गई. अभी तक किसी तरह के नुकसान या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. यह भूकंप म्यांमार और थाईलैंड में आए शक्तिशाली भूकंप के एक दिन बाद आया है, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और इमारतें, बौद्ध स्तूप, सड़कें और पुल बुरी तरह नष्ट हो गए।
भारत भेज रहा भूकंप प्रभावित म्यांमार के लिए राहत सामग्री
इस बीच, भारत शनिवार को भूकंप प्रभावित म्यांमार के लिए राहत सामग्री भेजी है। सूत्रों ने बताया कि एक सैन्य परिवहन विमान में करीब 15 टन राहत सामग्री भेजी गई। भारतीय वायुसेना के सी130जे विमान ने हिंडन वायुसेना स्टेशन से म्यांमार के लिए उड़ान भरी। सूत्रों ने बताया कि भेजी गई राहत सामग्री में टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, खाने के लिए तैयार भोजन, वाटर प्यूरीफायर, सोलर लैंप, जनरेटर सेट और आवश्यक दवाएं शामिल हैं। (Earthquake in Myanmar)




