Google Analytics —— Meta Pixel

जो भी नक्सली हथियार छोड़कर विकास का मार्ग अपनाएंगे, उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा: शाह

Shah on Naxalite Surrender: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक साथ 50 नक्सलियों के सरेंडर करने पर साय सरकार और सुरक्षाबलों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बहुत हर्ष का विषय है कि बीजापुर में 50 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। हिंसा और हथियार छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने वालों का मैं स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति स्पष्ट है कि जो भी नक्सली हथियार छोड़कर विकास का मार्ग अपनाएंगे, उनका पुनर्वास कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। बाकी लोगों से भी मैं फिर अपील करता हूं कि वे हथियार त्याग कर मुख्यधारा में आएं। 31 मार्च 2026 के बाद देश में नक्सलवाद केवल इतिहास बनकर रह जाएगा, यह हमारा संकल्प है।

यह भी पढ़ें:- जो कल भय का प्रतीक थे, वे आज भविष्य की उम्मीद बन रहे: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी बीजापुर जिले में एक साथ 50 नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर सुरक्षाबलों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की नई आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति-2025 के सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर स्पष्ट दिखने लगे हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण किया जाना ऐतिहासिक है। इस महत्वपूर्ण कामयाबी के लिए सुरक्षाबलों को बहुत-बहुत बधाई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के कुचक्र में फंसे लोग अब बंदूक छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं, यह परिवर्तन स्वागतयोग्य है। हमारी सरकार हर उस व्यक्ति के पुनरुत्थान के लिए तत्पर है, जो लाल आतंक छोड़ शांति का रास्ता चुनता है। (Shah on Naxalite Surrender)

2026 तक होगा नक्सलवाद का अंत: CM साय

मुख्यमंत्री साय ने यह भी दोहराया कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 2026 तक वामपंथी उग्रवाद के समूल उन्मूलन के संकल्प का ही परिणाम है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना के तहत सुदूर अंचलों में सड़कों का निर्माण, स्कूलों और अस्पतालों की स्थापना ने बस्तर क्षेत्र में सरकार के प्रति विश्वास और उम्मीद की लौ जगाई है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह केवल आत्मसमर्पण नहीं, यह भरोसे की वापसी है, जो कल भय का प्रतीक थे, वे आज भविष्य की उम्मीद बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और नवचेतना के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप मार्च 2026 तक वामपंथी उग्रवाद का खात्मा तय है। (Shah on Naxalite Surrender)

Back to top button
error: Content is protected !!