छत्तीसगढ़ में निगम मंडलों में हुई नियुक्ति, अब कैबिनेट विस्तार की बारी, पढ़ें पूरी खबर
Sai Cabinet Expansion Soon: छत्तीसगढ़ में निगम मंडलों में नियुक्ति कर दी गई है। सरकार की ओर से जारी सूची में 36 लोगों का नाम है। हालांकि अब तक ब्रेवरेज कॉरपोरेशन और फिल्म विकास निगम का फैसला नहीं लिया जा सका है। वहीं केश शिल्पी बोर्ड के उपाध्यक्ष बनाए गए गौरीशंकर श्रीवास ने पद संभालने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है कि उसे उठाने में मेरे कंधे असमर्थ हैं, इसलिए पद स्वीकार नहीं है।
यह भी पढ़ें:-छत्तीसगढ़ में मनरेगा के श्रमिकों को अब मिलेगी 261 रुपए मजदूरी, केंद्र सरकार ने दी सौगात
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि निगम मंडल की नियुक्ति पर नाराजगी की ऐसी कोई बात हमारे ध्यान में नहीं आई है। अगर कोई विषय आएगा तो बैठकर हल करेंगे। पार्टी बड़ी है। गौरीशंकर श्रीवास के फेसबुक पोस्ट पर कहा कि यह उनका अपना अभिमत, पार्टी इस पर निर्णय लेती है। निगम मंडल में नियुक्ति पर कहा कि छत्तीसगढ़ है, इसलिए 36 लोगों को मौका मिला। जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिली। कई योग्य कार्यकर्ता अभी भी इंतजार में है। सभी को नियुक्त करना संभव नहीं है, जिन्हें जिम्मेदारी मिली, उन्हें शुभकामनाएं। (Sai Cabinet Expansion Soon)
जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
वहीं निगम मंडलों में नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ में जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। दरअसल, साय सरकार में अभी दो मंत्रियों के पद खाली है। नगरीय निकाय चुनावों के चलते मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब चुनाव संपन्न हो चुके हैं। मंत्रिपद की रेस में अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, गजेंद्र यादव, पुरंदर मिश्रा, पुन्नूलाल मोहले और धरमलाल कौशिक का नाम प्रमुखता से हैं। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके संकेत दिए थे। CM साय ने मंत्रिमंडल विस्तार और निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर कहा था कि सब जल्द होगा। मंत्रिमंडल विस्तार भी होगा और निगम मंडलों में नियुक्ति भी होगी। अब निगम मंडलों में नियुक्ति हो गई है तो मंत्रिमंडल विस्तार की अलकलें भी तेज हो गई है। (Sai Cabinet Expansion Soon)



