Google Analytics —— Meta Pixel

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर NIT रायपुर में हुआ भव्य आयोजन

NIT RAIPUR : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT RAIPUR ) रायपुर में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और विचारशीलता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ-साथ बौद्धिक विचारों की भी गूंज सुनाई दी। इस विशेष अवसर पर उनके जीवन, योगदान और विचारों को याद करते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

यह भी पढ़े :- अगर कांग्रेस की सरकार रहती तो देश को आज भी ब्लैक आउट से गुजरना पड़ता: PM नरेंद्र मोदी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर के डिवीजनल कमिश्नर एवं आईएएस अधिकारी महादेव कावरे थे। अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने की। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार प्रो. एन. डी. लोंढे, डीन (अकादमिक) प्रो. श्रीश वर्मा, डीन (छात्र कल्याण) प्रो. मनोज चोपकर, डीन (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) प्रो. जी. डी. रामटेक्कर और डॉ. मिथलेश अतुलकर सहित अन्य फैकल्टी सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात बाबासाहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा, जिससे डॉ. अंबेडकर द्वारा स्थापित मूल्यों की पुन: पुष्टि की गई। इसके साथ ही उनके जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जो उनकी प्रेरणादायक यात्रा को रेखांकित करती है।

डॉ. मिथलेश अतुलकर ने अपने उद्घाटन भाषण में बाबासाहेब को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “उनकी कलम उनकी तलवार थी।” उन्होंने शिक्षा, नारी सम्मान, और आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए कहा कि बाबासाहेब की मूर्ति श्रद्धा ही नहीं, संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है।

रजिस्ट्रार प्रो. एन. डी. लोंढे ने कहा कि बाबा साहेब का मानना था कि शिक्षा सबसे प्रभावशाली हथियार है, जो समाज में क्रांति ला सकता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे ज्ञान के माध्यम से सामाजिक बदलाव के वाहक बनें।

अपने अध्यक्षीय भाषण में निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने बाबासाहेब को एक समाज सुधारक, न्यायविद, अर्थशास्त्री, मानवाधिकार रक्षक और शिक्षाविद बताते हुए उनके बहुआयामी योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे बाबासाहेब के जीवन से प्रेरणा लें और शिक्षित, संवेदनशील और निष्पक्ष नागरिक बनें।

मुख्य अतिथि महादेव कावरे ने अपने संबोधन में बताया कि कैसे उन्होंने बीजापुर जैसे दूरस्थ क्षेत्र से शिक्षा प्राप्त कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बाबा साहेब द्वारा दिए गए आरक्षण और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं को वंचित वर्गों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा – “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वो दहाड़ेगा।” साथ ही युवाओं से अपील की कि वे बाबासाहेब को सिर्फ मूर्तियों में नहीं, उनकी पुस्तकों और विचारों में खोजें।

कार्यक्रम के अंत में निदेशक डॉ. रमना राव द्वारा मुख्य अतिथि श्री कावरे को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. सूरज कुमार मुक्ति ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक फोटो सत्र के साथ हुआ।

इस सफल आयोजन के पीछे डॉ. सूरज कुमार मुक्ति, डॉ. बैद्यनाथ बाग, डॉ. डी.सी. झरिया, डॉ. संजय कुमार, डॉ. निशा नेताम, डॉ. सी. जटोथ, डॉ. श्रुति नागदेवे, सुकेशनी तिरके, टेमन ठाकुर, ए.के. डोंगरे और समुद गोयल जैसे समर्पित व्यक्तियों का अथक प्रयास रहा। (NIT RAIPUR )

Back to top button
error: Content is protected !!