Google Analytics —— Meta Pixel

10 में से 8 मामलों में अपराधी कांग्रेस से जुड़े होते हैं: बीजेपी महामंत्री संजय श्रीवास्तव

Sanjay Shrivastava on Congress: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री और नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन अपराधों के खिलाफ अपराधियों के संगठित गिरोह का था। कांग्रेस कार्यकर्ता भी नैतिक रूप से इस आंदोलन के पक्ष में नहीं थे। इसलिए अंतरात्मा की आवाज सुनकर कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल ही नहीं हुए। कांग्रेस का यह प्रदर्शन ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ कहावत को चरितार्थ करने वाला था। श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन आम लोगों के लिए आश्चर्यजनक है। अभी भी 10 में से 8 मामलों में अपराधी कांग्रेस से जुड़े होते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में नशे को बढ़ावा दिया गया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आम जनता सुरक्षित नहीं है: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

उन्होंने कहा कि अपने पांच साल के शासनकाल में अपराधियों के समान शासन चलाने और अपराधियों की तरह व्यवहार करने वाली कांग्रेस कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद जितने भी अपराध हुए हैं, उनमें कई बड़े अपराधों में कांग्रेस के नेताओं की संलिप्तता साबित हुई है। चाहे सूरजपुर के युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप साहू ने सरगुजा में मां और बेटी की 13 अक्टूबर 2024 को हत्या की हो, चाहे गिरौदपुरी धाम को अपने राजनीतिक षड्यंत्र का केंद्र बनाकर बाद में उसी की आड़ में 11 जून 2024 को बलौदाबाजार में कलेक्टर-SP कार्यालय जलाने की घटना हो, जिसमें कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव जमानत पर हैं। बलौदाबाजार में जातीय विद्वेष फैलाने का काम कांग्रेस ने ही किया है। (Sanjay Shrivastava on Congress)

कांग्रेस का चहेता अधिकारी टामन सोनवानी जेल में: श्रीवास्तव

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस सरकार में उनका चहेता अधिकारी टामन सोनवानी जेल में है। इस बात का जवाब भी कांग्रेस को देना चाहिए। महादेव एप, जिसने छत्तीसगढ़ का भविष्य बर्बाद कर दिया, उस पर तत्कालीन मुख्यमंत्री पर आरोप लगा है, इसका कांग्रेस जवाब दे। कोल, डीएमएफ जैसे आर्थिक अपराध की आंच सचिवालय तक पहुंची और मुख्यमंत्री की तत्कालीन निज सचिव और चहेती अधिकारी आज जेल में है। इस पर कांग्रेस जवाब दे। कांग्रेस कार्यकाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ प्रदेश कार्यालय में अभद्रता हुई। इस शर्मनाक विषय पर कांग्रेस को अपने मौन का जवाब देना चाहिए। इतना ही नहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रियंका गांधी के सचिव ने कांग्रेस नेत्री अर्चना गौतम के साथ अभद्रता की। पहले इन सब पर कांग्रेस जवाब दे। (Sanjay Shrivastava on Congress)

कई कांग्रेसियों पर गंभीर आरोप: श्रीवास्तव

श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार में कई बड़ी घटनाएं हुई। विधायक देवेंद्र यादव से लेकर कई कांग्रेसियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। बलौदाबाजार की घटना में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की भूमिका रही है। कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े ने भी उकसाने का प्रयास किया। बिलासपुर की घटना जहां PM आवास के नाम पर महिला से रेप हुआ, उसमें कांग्रेस के पूर्व पार्षद काशीनाथ रात्रे का नाम सामने आया है। बालोद सुसाइड मामले में पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर का नाम सामने आया है। नारायणपुर में बीजेपी नेता रतन दुबे की हत्या में भी कांग्रेस का हाथ है। इधर, बैज ने कहा कि भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है। छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय जनता के लिए मुख्यमंत्री बनकर नहीं, भक्षक बनकर काम कर रहे हैं। (Sanjay Shrivastava on Congress)

Back to top button
error: Content is protected !!