अंगोला की सशस्त्र सेनाओं की ट्रेनिंग में सहयोग करने में खुशी होगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Angola President in Delhi: अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में अंगोला गणराज्य के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको के साथ द्विपक्षीय बैठक की। साथ ही संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करता हूं। ये एक ऐतिहासिक पल है। 38 सालों के बाद अंगोला के राष्ट्रपति की भारत यात्रा हो रही है। इससे न केवल भारत अंगोला संबंधों को नई दिशा और गति मिल रही है, बल्कि भारत अफ्रीका साझेदारी को भी बल मिल रहा है।
यह भी पढ़ें:- रामलला के दर्शन के बाद उलझी मुस्लिम महिला, पुलिस ने लिया हिरासत में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और अंगोला अपनी कूटनीतिक साझेदारी की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। हालांकि हमारे रिश्ते बहुत पुराने हैं।जब अंगोला स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ रहा था, तब भारत भी पूरे विश्वास और दोस्ती के साथ खड़ा था। भारत अंगोला के तेल और गैस के सबसे बड़े खरीदारों में से एक है। अंगोला की सेनाओं के आधुनिकरण के लिए 200 मिलियन डॉलर की डिफेंस क्रेडिट लाइन को स्वीकृति दी गई है। रक्षा प्लेटफॉर्म के रिपेयर, ओवरहॉल और सप्लाई पर भी बात हुई है। अंगोला की सशस्त्र सेनाओं की ट्रेनिंग में सहयोग करने में हमें खुशी होगी। अपनी विकास साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए हम डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पेस टेक्नोलॉजी और कैपेसिटी बिल्डिंग में अंगोला के साथ अपनी क्षमताएं साझा करेंगे। (Angola President in Delhi)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने स्वास्थ्य सेवा, हीरा प्रसंस्करण, उर्वरक और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में अपने संबंधों को मजबूत करने का भी निर्णय लिया है। हम लोगों के बीच आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के लिए भारत और अंगोला के बीच युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम शुरू करने जा रहे हैं। हम अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने के अंगोला के फैसले की सराहना करते हैं। 140 करोड़ भारतीयों की ओर से, मैं अंगोला को ‘अफ्रीकन यूनियन’ की अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। हमारे लिए यह गौरव की बात है कि भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान ‘अफ्रीकन यूनियन’ को G20 की स्थायी सदस्यता मिली। पिछले 10 सालों में भारत ने अफ्रीकी देशों के साथ सहयोग में तेजी से प्रगति की है। (Angola President in Delhi)

PM मोदी ने कहा कि व्यापार लगभग 100 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। हमने रक्षा सहयोग और समुद्री सुरक्षा में सुधार किया है। पिछले महीने भारत और अफ्रीका ने अपना पहला नौसैनिक समुद्री अभ्यास किया। पिछले 10 सालों में हमने अफ्रीका में 17 नए दूतावास खोले हैं। अफ्रीका के लिए 12 बिलियन डॉलर की क्रेडिट लाइन खोली गई है। अफ्रीकी देशों को 700 मिलियन डॉलर का अनुदान भी दिया गया है। हमने अफ्रीका के 8 देशों में व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र खोले हैं। हम पांच देशों में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के निर्माण में सहायता कर रहे हैं। भारत और अफ्रीकी संघ प्रगति में भागीदार हैं और वैश्विक दक्षिण के स्तंभ हैं। अंगोला की अध्यक्षता में भारत और अफ्रीकी संघ की साझेदारी और मजबूत होगी। अंगोला के राष्ट्रपति ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से भी मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। (Angola President in Delhi)




