DMF scam : डीएमएफ घोटाले में शामिल कोरबा के चार तत्कालीन सीईओ गिरफ्तार, 13 मई तक पुलिस रिमांड पर

DMF scam : छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासन को झकझोर देने वाले डीएमएफ घोटाले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले के चार तत्कालीन जनपद सीईओ को गिरफ्तार किया है। खनिज क्षेत्र में विकास के नाम पर जारी इस फंड में करोड़ों रुपये की बंदरबांट का आरोप है। शुक्रवार को ईओडब्ल्यू और एसीबी की संयुक्त टीम ने इन अधिकारियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 13 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
रानू साहू से कनेक्शन, सियासी हलकों में हलचल
जांच एजेंसियों को मिले इनपुट्स के मुताबिक, गिरफ्तार अधिकारी जेल में बंद आईएएस रानू साहू के करीबी माने जाते हैं। रानू साहू के कार्यकाल में ही इन अधिकारियों को डीएमएफ से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई थीं। फाइलों की मंजूरी से लेकर टेंडर आवंटन तक, सभी प्रक्रियाओं में मिलीभगत के संकेत मिले हैं। इस कड़ी के सामने आने से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।(DMF Scam)
यह भी पढ़ें : CG news : बाल संप्रेषण गृह से 6 बाल अपचारी फरार, मिर्ची पाउडर से हमला कर रची साजिश
ये हैं गिरफ्तार अधिकारी
भरोस राम ठाकुर (तत्कालीन नोडल अधिकारी, डीएमएफटी), भूनेश्वर सिंह राज, राधेश्याम मिर्झा और वीरेंद्र कुमार राठौर (तीनों तत्कालीन जनपद सीईओ) पर टेंडरों में अनियमितता और कमीशनखोरी का आरोप है। जांच में सामने आया कि ठेकेदारों से मोटी रकम वसूली गई और करीब 40 फीसदी कमीशन अधिकारियों को पहुंचाया गया। ( DMF scam )
ईडी रिपोर्ट से खुली परतें
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के बाद ही ईओडब्ल्यू ने धारा 420, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरबा, कटघोरा और पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्रों में डीएमएफ के तहत जारी अधिकांश टेंडरों में पारदर्शिता न के बराबर थी। कई टेंडर सिर्फ कागजों पर जारी हुए, जबकि जमीनी स्तर पर काम अधूरा या अस्तित्वहीन है। ( DMF scam )



