Tribal Products Jashpure : ‘जशप्योर’ ब्रांड छत्तीसगढ़ की संस्कृति, स्वाद और स्वावलंबन का प्रतीक : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

Tribal Products Jashpure : केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की स्व-सहायता समूहों द्वारा विकसित ‘जशप्योर’ ब्रांड की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला एक अनुकरणीय मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि ‘जशप्योर’ सिर्फ एक ब्रांड नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ी माटी की महक, जनजातीय महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता का जीवंत प्रतीक है।
यह भी पढ़ें :- Centre-State review meeting: छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास को मिली नई गति, डिजिटल और रोजगार योजनाओं पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने भेंट की जशपुर की महिलाओं द्वारा तैयार टोकरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री को जशपुर की महिलाओं द्वारा तैयार की गई ‘जशप्योर’ ब्रांड की विशेष परंपरागत टोकरी भेंट की, जिसमें छींद कांसा से बनी हस्तनिर्मित टोकरी में अनेक स्थानीय उत्पाद जैसे– डेकी, कुटा, जवां फूल चावल, टाऊ पास्ता, महुआ कुकीज़, रागी-मखाना लड्डू, महुआ गोंद लड्डू, च्यवनप्राश, ग्रीन टी, शहद और हर्बल सिरप शामिल थे। (Tribal Products Jashpure)
श्री चौहान ने टोकरी में रखे प्रत्येक उत्पाद की जानकारी उत्सुकता से ली और कहा कि इन उत्पादों में स्वाद के साथ-साथ जनजातीय समुदाय की परंपरा, परिश्रम और आत्मगौरव समाहित है। उन्होंने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को सशक्त करने वाली पहल बताया।
नवाचारों को हरसंभव समर्थन देगी सरकार : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वदेशी कौशल और महिला स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। ‘जशप्योर’ जैसे ब्रांड्स न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को भी नए आयाम दे रहे हैं। (Tribal Products Jashpure)
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा ऐसे सभी नवाचारों को हरसंभव समर्थन दिया जाएगा जो आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।



