Raipur dog attack case : रायपुर के सिलियारी में पोल्ट्री फार्म मालिक की बेटी ने मां-बेटे पर पालतू कुत्ते छोड़े, वीडियो वायरल, गंभीर रूप से घायल

Raipur dog attack case : रायपुर जिले के धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलियारी चौकी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मसीह पोल्ट्री फार्म के संचालक की बेटी पर आरोप है कि उसने मां-बेटे पर अपने पालतू कुत्तों से हमला करवाया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित महिला और उसका बेटा फार्म मालिक की बेटी से बहस करते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें :- नारायणपुर नक्सली ऑपरेशन को लेकर सियासत, कांग्रेस नेताओं ने लिया श्रेय
पीड़िता सरस्वती बाई चक्रधारी ने बताया कि उनका परिवार ईंट भट्ठा चलाता है। 20 मई की सुबह करीब 6:30 बजे वे अपने बेटे पुष्पेंद्र चक्रधारी के साथ ईंट भट्ठे जा रही थीं। रास्ते में मसीह पोल्ट्री फार्म के पास 20–25 पालतू कुत्तों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर वे फार्म में शिकायत करने पहुंचे। (Raipur dog attack case)
शिकायत करने पर फार्म में मौजूद बिन्नी मसीह, जो फार्म मालिक की बेटी है, ने उल्टा बहस शुरू कर दी। आरोप है कि बहस के दौरान उसने कुत्तों को इशारा कर हमला करवा दिया। इस हमले में कुत्तों ने मां-बेटे को चारों तरफ से घेर लिया और बुरी तरह काटा। पुष्पेंद्र जब घटना का वीडियो बनाने लगा, तो बिन्नी ने उस पर चप्पल से हमला करने की कोशिश की और उसका मोबाइल छीनने लगी।
इतना ही नहीं, बिन्नी ने पुष्पेंद्र की बाइक की चाबी भी छीन ली और धमकी दी कि अगर वह चाबी लेने वापस आएगा तो दोबारा कुत्तों से कटवाएगी। हमले में पुष्पेंद्र के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। (Raipur dog attack case)
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसीह पोल्ट्री फार्म में पाले गए कुत्ते अक्सर राहगीरों पर हमला करते हैं, लेकिन अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई थी। पुलिस ने सरस्वती बाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। (Raipur dog attack case)



