Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पिता का निधन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख

Ramjilal Agarwal Passed Away: रायपुर से बीजेपी के लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पिता और समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल का निधन हो गया है। उन्होंने 96 साल की उम्र में अंतिम सांस ली, जिनका अंतिम संस्कार 25 मई को किया जाएगा। कल सुबह 10 बजे उनकी अंतिम यात्रा VIP रोड के मौलश्री विहार से मारवाड़ी श्मशान घाट तक निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रामजीलाल अग्रवाल का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, गौसेवा और जनकल्याण के कार्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज में आदर्श स्थापित किया। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पूरी तरह नियंत्रण में कोविड-19, घबराने की जरूरत नहीः स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकसंतप्त परिजनों को यह वज्राघात सहने की शक्ति प्रदान करें। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि रायपुर लोकसभा सांसद और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के पूज्य पिताजी, वरिष्ठ समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल के देहांत समाचार से स्तब्ध हूं। उनसे हमेशा ही मुझे अपार स्नेह और परस्पर प्रेम प्राप्त हुआ, बाबूजी का ऐसे जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। (Ramjilal Agarwal Passed Away)

बीजेपी क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों के स्थान दें और परिजनों को असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। रायपुर विधायक सुनील सोनी ने कहा कि रामजी लाल अग्रवाल के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। हमारे मार्गदर्शक रहे पिता तुल्य रामजी लाल अग्रवाल का जाना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पूज्य पिताजी रामजीलाल अग्रवाल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। (Ramjilal Agarwal Passed Away)

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा वरिष्ठ समाजसेवी, गौसेवक, अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक रामजीलाल अग्रवाल के देवलोकगमन के समाचार से मन व्यथित है। बाबू जी के चरणों में शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि पितृ शोक जीवन की अपूरणीय क्षति होती है। पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। भगवान से दिवंगत पुण्यात्मा को बैकुण्ठ धाम में स्थान देने और दुःख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि रामजीलाल अग्रवाल एक गौ सेवक थे, जो अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक भी रह चुके थे। वे सावित्री देवी अग्रवाल, गोपालकृष्ण, सांसद और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, योगेश और यशवंत अग्रवाल के पिता थे। बीजेपी के कई मंत्रियों, नेताओं और अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। (Ramjilal Agarwal Passed Away)

Back to top button
error: Content is protected !!