Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh : राजधानी में फर्जी दस्तावेजों के सहारे 16 साल से रह रहे बांग्लादेशी दंपत्ति गिरफ्तार

Chhattisgarh News :  राजधानी रायपुर में पिछले 16 वर्षों से अवैधानिक रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी दंपत्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भारत में रहने के लिए फर्जी मार्कशीट, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बनवाए थे। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी धरमनगर, टिकरापारा क्षेत्र से की गई।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Education Reform : अब कोई स्कूल शिक्षक विहीन नहीं, 80% एकल शिक्षकीय शालाओं में हुआ सुधार, शिक्षा व्यवस्था को मिली नई दिशा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद दिलावर (49) और उसकी पत्नी परवीन बेगम (44) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम मुख्तारपुर, थाना मुंशीगंज, जिला मुंशीगंज (बांग्लादेश) के निवासी हैं। वर्तमान में वे रायपुर के धरमनगर, पचपेडी नाका क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।

पुलिस को इनकी गतिविधियों की सूचना 13 जून को मिली थी, जिसे रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को तस्दीक और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, एएसपी (क्राइम) संदीप मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने धरमनगर क्षेत्र में दबिश दी और दिलावर को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दिलावर ने बताया कि वह लगभग 15 वर्ष पूर्व भारत-बांग्लादेश सीमा से अवैध रूप से भारत आया और रायपुर में रहने लगा। दो वर्ष बाद अपनी पत्नी और पुत्री को भी भारत ले आया। उसने ठेले पर अंडा बेचकर जीविकोपार्जन शुरू किया और स्थानीय संपर्कों की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए। उसके पास से जप्त दस्तावेजों में भारत गणराज्य का फर्जी पासपोर्ट, आधार कार्ड, आठवीं कक्षा की संदेहास्पद मार्कशीट (2009-10), और बांग्लादेश के कई मोबाइल नंबर शामिल हैं।

दिलावर द्वारा प्रस्तुत मार्कशीट में जन्मतिथि 15.04.1975 अंकित है, जो उसकी उम्र के अनुसार संदेहास्पद है (35 वर्ष की उम्र में आठवीं की मार्कशीट)। मोबाइल की जांच में बांग्लादेश के कई नंबर सेव मिले हैं, जिनमें से एक नंबर उसकी बड़ी बहन का बताया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दिलावर चार बार भारत-बांग्लादेश की यात्रा कर चुका है। पत्नी परवीन बेगम का पासपोर्ट भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनवाया गया था। (Chhattisgarh News)

जब्त सामग्री

मोबाइल फोन
फर्जी पासपोर्ट
फर्जी मार्कशीट
आधार कार्ड
अन्य दस्तावेज

पंजीबद्ध अपराध

आरोपियों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 437/25 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 112, 318(4), 319(2), 336(3), 3(5) बीएनएस, भारतीय पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 12(बी), पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम 1920 की धारा 3 तथा विदेशियों अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपियों से की जा रही पूछताछ में अन्य संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, जो अवैधानिक रूप से रायपुर अथवा अन्य क्षेत्रों में रह रहे हो सकते हैं। (Chhattisgarh News)

Back to top button
error: Content is protected !!