CG NEWS : शव दफनाने को लेकर कांकेर में बवाल, आदिवासी–ईसाई समाज आमने-सामने, हालात बेकाबू

कांकेर। जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े तेवड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर उपजा विवाद गुरुवार को उग्र हिंसा में बदल गया। शव को कब्र से निकालकर गांव से बाहर अंतिम संस्कार कराने की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान भीड़ ने चर्च में तोड़फोड़ कर आगजनी की, वहीं गांव के सरपंच के घर में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
यह भी पढ़े :- धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा: 920 क्विंटल की हेराफेरी, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
घटना के दौरान आदिवासी समाज और ईसाई समुदाय के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हिंसा में अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंसोड़ समेत 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थिति को काबू में करने के लिए प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा और हालात संभालने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने शव को कब्र से निकालकर गांव से बाहर भेजने का निर्णय लिया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे नियंत्रण में आए। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
चारामा में भी तनाव
इधर, बड़े तेवड़ा के बाद जब धर्मांतरित व्यक्ति के शव को चारामा तहसील मुख्यालय में दफन किए जाने की सूचना मिली, तो वहां भी तनाव की स्थिति बन गई। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कब्रिस्तान पहुंच गए और दफनाने का विरोध शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिसने अपना मूल धर्म त्याग दिया है, उसके लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए और ऐसे शवों को स्थानीय परंपराओं या सार्वजनिक कब्रिस्तानों में दफनाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चारामा में भी पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं। कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन दोनों पक्षों से संवाद कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास में जुटा हुआ है।



