Google Analytics —— Meta Pixel

सतगुरु कबीर प्राकट्य उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया समता और मानवता का संदेश

दो दिवसीय आयोजन में शोभायात्रा, सत्संग, भजन-कीर्तन और सेवा समितियों का हुआ सम्मान

रायपुर | सतगुरु कबीर धर्मदास वंशावली सेवा समिति रायपुर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सतगुरु कबीर प्राकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। उत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कबीरपंथी श्रद्धालुओं ने सतगुरु कबीर साहेब के सत्य, समता, मानवता और सदाचार के संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

पहले दिन कबीरधाम अमलेश्वर में हुआ 628वां प्राकट्य उत्सव

कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर श्री सद्गुरु कबीरधाम, अमलेश्वर में सतगुरु कबीर साहेब का 628वां प्राकट्य उत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कबीर पंथ के 16वें वंशाचार्य परम पूज्य हुजूर उदितमुनि नाम साहेब (कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा) का पावन आगमन हुआ।

वंशाचार्य के कर-कमलों से पहली बार श्री कबीरधाम अमलेश्वर में सात्विक यज्ञ, चौका एवं आरती संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की और कबीर साहेब की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संकल्प व्यक्त किया।

भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

उत्सव के दूसरे दिन सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली सेवा समिति, एसकेडीवी मिशन, नवयुवक मंडल एवं आमीन माता महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कबीर चौक, रामनगर से प्रारंभ होकर तेलघानी नाका सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेकाहारा ऑडिटोरियम पहुंची।

सतगुरु कबीर प्राकट्य उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
सतगुरु कबीर प्राकट्य उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

शोभायात्रा में पारंपरिक बस्तरिया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रंग-बिरंगी झांकियों, भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

मेकाहारा सभागार में उमड़े हजारों श्रद्धालु

समापन सत्र में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी एवं आसपास के जिलों से हजारों कबीरपंथी श्रद्धालु मेकाहारा सभागार पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर दिनभर भजन-कीर्तन, सत्संग, गुरु वंदना और आध्यात्मिक प्रवचनों का वातावरण बना रहा।

‘कबीर के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रंजना शर्मा ने कहा कि “कबीर के विचारों को केवल याद करने की नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में उतारने की आवश्यकता है।” उन्होंने समाज में समरसता, सद्भाव और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बाबूभाई पटेल, गोपाल भाई पटेल, आशीष वालेचा, भागवत कबीरपंथी एवं देवेंद्र कुमार साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी कबीर साहेब की विचारधारा पर अपने विचार व्यक्त किए।

17 सेवा समितियों का हुआ सम्मान

समारोह में कबीर सिद्धांत के प्रचार-प्रसार तथा समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली रायपुर-दुर्ग अंचल की 17 समितियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित समितियों को समाज में सेवा, संगठन और आध्यात्मिक जागरण के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

संयुक्त तत्वावधान में हुआ सफल आयोजन

यह भव्य आयोजन सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली सेवा समिति, एसकेडीवी मिशन, आमीन माता महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल रायपुर-दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन सचिव छोटू राम साहू एवं माखनलाल साहू ने किया।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष मनोहर साहू, संतोष वर्मा, प्रीतम मानिकपुरी, हीरा साहू, राजकुमार मोंगरे, संतोष साहू, मनोज साहू सहित नवयुवक मंडल, आमीन माता महिला मंडल तथा समिति के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!