तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन को मारी टक्कर, 9 लोगों की मौत, कई यात्री सीटों के बीच फंसे

Accident in Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक सिसैया की तरफ से आ रहे एक मैजिक वाहन को सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। वाहन में दो महिलाओं समेत कुल 10 लोग सवार थे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक काफी तेज रफ्तार में था और अचानक बेकाबू होकर सामने से आ रहे मैजिक वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मैजिक वाहन में बैठे कई यात्री सीटों के बीच ही फंस गए। आगे और पीछे की सीटों पर बैठे लोगों के सिर बुरी तरह फट गए, जबकि दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। सड़क और वाहन के अंदर खून ही खून फैल गया। कई शव बुरी तरह कुचल गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। खमरिया क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल लाए गए 10 लोगों में से 9 की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। (Accident in Lakhimpur Kheri)




