Google Analytics —— Meta Pixel

भारत समेत दुनियाभर में 3 महीने तक सूखे की आशंका, केंद्र सरकार ने राज्यों को तैयारी के दिए निर्देश

Apprehension Drought in India: भारतीय मौसम विभाग के बाद अब विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने भी वैश्विक मौसम को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। संयुक्त राष्ट्र की मौसम एजेंसी के मुताबिक प्रशांत महासागर में तेजी से बढ़ रहे समुद्री तापमान के कारण जून से अगस्त के बीच अल नीनो विकसित होने की संभावना लगभग 80 प्रतिशत है। वहीं नवंबर तक इसके बने रहने की संभावना 90 प्रतिशत से ज्यादा बताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अल नीनो के प्रभाव से भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में अगले तीन महीनों के दौरान सूखा, बाढ़, समुद्री और स्थलीय हीटवेव और चरम मौसम संबंधी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। इस चेतावनी के बाद भारत सरकार ने राज्यों को संभावित संकट से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें:- होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी कार्रवाई तेज, ईरानी कम्युनिकेशन टावर और ऑयल टैंकर पर हमला, तेल बाजार में उछाल

कृषि मंत्रालय ने सभी राज्यों से कहा है कि सामान्य से कम मानसून और अल नीनो की आशंका को देखते हुए जिलास्तर पर तैयार की गई आपदा और कृषि प्रबंधन योजनाओं को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों तक मौसम संबंधी जानकारी तेजी से पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, कृषि सलाह सेवाओं और कॉल सेंटर नेटवर्क को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को फसल प्रबंधन, जल संरक्षण और वैकल्पिक कृषि योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। (Apprehension Drought in India)

क्या है अल नीनो और कैसे करता है असर?

अल नीनो एक प्राकृतिक जलवायु प्रणाली है, जो प्रशांत महासागर के भूमध्यरेखीय क्षेत्र में समुद्र की सतह के तापमान में असामान्य वृद्धि के कारण विकसित होती है। सामान्य परिस्थितियों में प्रशांत महासागर के पश्चिमी हिस्से में गर्म पानी और पूर्वी हिस्से में अपेक्षाकृत ठंडा पानी रहता है। इस स्थिति में नमी से भरी हवाएं भारत और एशिया की ओर बढ़ती हैं, जिससे मानसूनी बारिश को बल मिलता है, लेकिन अल नीनो की स्थिति में गर्म पानी पूर्वी प्रशांत की ओर खिसक जाता है और पश्चिमी भाग अपेक्षाकृत ठंडा हो जाता है। इससे मानसून को ऊर्जा देने वाली नमी भरी हवाएं कमजोर पड़ जाती हैं और भारत में वर्षा कम हो सकती है। यही कारण है कि कई बार अल नीनो के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में सूखे जैसी परिस्थितियां बन जाती हैं।

भारत में मानसून को बचा सकते हैं दो अहम सिस्टम

WMO के मुताबिक अल नीनो के प्रभाव के बावजूद भारत में सामान्य या बेहतर मानसून की संभावना पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। इसके पीछे दो महत्वपूर्ण जलवायु प्रणालियां हैं, पहला- इंडियन ओशन डायपोल। इसे हिंद महासागर का अल नीनो भी कहा जाता है। अगर इसका चरण सकारात्मक रहता है तो यह अल नीनो के नकारात्मक प्रभावों को काफी हद तक संतुलित कर सकता है और भारत में अच्छी बारिश का कारण बन सकता है। दूसरा- मैडेन-जूलियन ऑस्सिलेशन। यह बादलों और हवाओं का एक वैश्विक चक्र है, जो भूमध्य रेखा के आसपास लगातार घूमता रहता है। जब इसका सक्रिय चरण भारत के ऊपर पहुंचता है, तब कमजोर मानसून के दौरान भी भारी वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं। (Apprehension Drought in India)

समुद्र के भीतर बढ़ रही गर्मी ने बढ़ाई चिंता

WMO के वैज्ञानिकों ने बताया कि समुद्र की सतह के नीचे का पानी सामान्य से लगभग 6 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म पाया गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार समुद्र में जमा यह अतिरिक्त ऊष्मा धीरे-धीरे सतह तक पहुंच रही है, जिससे अल नीनो को तेजी से ताकत मिल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह प्रक्रिया जारी रही तो आने वाले महीनों में वैश्विक तापमान और मौसम संबंधी चरम घटनाओं में और वृद्धि हो सकती है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने भारत समेत संभावित रूप से प्रभावित देशों की सरकारों, कृषि, स्वास्थ्य, जल संसाधन और ऊर्जा विभागों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी है। संगठन का कहना है कि समय पर चेतावनी, बेहतर निगरानी और प्रभावी तैयारी से लाखों लोगों को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है।

2023-24 का अल नीनो रहा था बेहद शक्तिशाली

WMO के मुताबिक साल 2023-24 का अल नीनो इतिहास के पांच सबसे शक्तिशाली अल नीनो घटनाओं में शामिल रहा। इसके प्रभाव से साल 2024 में वैश्विक तापमान ने कई नए रिकॉर्ड बनाए और दुनिया के कई देशों में भीषण गर्मी, सूखा और चरम मौसम की घटनाएं दर्ज की गईं। इतिहास बताता है कि 1957-58, 1965-66, 1972-73, 1987-88 और 2015-16 जैसे सालों में मजबूत अल नीनो के दौरान भारत के कई हिस्सों में गंभीर सूखे की स्थिति बनी थी। हालांकि हर बार अल नीनो का प्रभाव समान नहीं रहा। कुछ सालों में इंडियन ओशन डायपोल और अन्य जलवायु कारकों ने इसके असर को कम भी किया। (Apprehension Drought in India)

मौसम विशेषज्ञों की सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन महीने कृषि, जल प्रबंधन और आपदा तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे। अगर अल नीनो मजबूत होता है तो कई क्षेत्रों में वर्षा की कमी, जल संकट और फसल उत्पादन पर असर पड़ सकता है। वहीं कुछ क्षेत्रों में अनियमित और अत्यधिक बारिश की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं। इसलिए केंद्र और राज्यों के लिए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखना आवश्यक होगा।  ऐसे में समय रहते तैयारी, जल प्रबंधन और किसानों तक सटीक मौसम जानकारी पहुंचाना संभावित नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। अल नीनो के असर से जून से अगस्त के बीच सूखे और चरम मौसम की आशंका बढ़ गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!