Google Analytics —— Meta Pixel

CGPSC भर्ती घोटाला: ED का शिकंजा, कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

CGPSC Scam : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC भर्ती घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। एजेंसी ने CGPSC की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक और पूर्व सचिव जीवन किशोर (जेके) ध्रुव से जुड़े ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

जानकारी के अनुसार, ED की टीम आज सुबह नवा रायपुर स्थित आरती वासनिक के निवास पर पहुंची और वहां मौजूद दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड तथा वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की। आरती वासनिक पहले से ही CGPSC भर्ती घोटाला मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और उनके खिलाफ विभिन्न जांच एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है। (CGPSC Scam)

भिलाई में भी ED की दबिश

इसी क्रम में भिलाई के सेक्टर-10 स्थित पूर्व आईएएस अधिकारी एवं CGPSC के पूर्व सचिव जेके ध्रुव के निवास पर भी ED की टीम पहुंची। अधिकारियों ने वहां दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच कर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी जांच एजेंसियां ध्रुव के निवास पर कार्रवाई कर चुकी हैं।

2020 से 2022 की भर्ती प्रक्रिया जांच के घेरे में

जांच एजेंसियों के अनुसार वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित राज्य सेवा परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। आरोप है कि चयन प्रक्रिया में प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों और करीबी अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

पेपर लीक और पक्षपात के आरोप

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन CGPSC अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी ने अपने पद का दुरुपयोग कर रिश्तेदारों और परिचितों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। जांच में यह भी दावा किया गया है कि एक निजी कंपनी द्वारा CSR मद से 45 लाख रुपये एक ऐसे एनजीओ को दिए गए, जिसकी अध्यक्ष तत्कालीन अध्यक्ष की पत्नी थीं। इसके बदले प्रश्नपत्र लीक किए जाने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।

CBI के अनुसार, पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक और तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर पर भी कथित रूप से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में भूमिका निभाने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि लीक हुए प्रश्नपत्रों के आधार पर कुछ अभ्यर्थियों का चयन डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी एसपी सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर हुआ।

आर्थिक पहलुओं की जांच में जुटी ED

प्रवर्तन निदेशालय अब मामले के आर्थिक पहलुओं, धन के प्रवाह (Money Trail) और कथित वित्तीय लाभ की गहन जांच कर रहा है। माना जा रहा है कि हालिया छापेमारी से भर्ती घोटाले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं।

फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। (CGPSC Scam)

यह भी पढ़े :- भारत समेत दुनियाभर में 3 महीने तक सूखे की आशंका, केंद्र सरकार ने राज्यों को तैयारी के दिए निर्देश

Back to top button
error: Content is protected !!