Google Analytics —— Meta Pixel

एशियन गेम्स में नीरू ढांडा का निशाना सीधे गोल्ड पर, ट्रैप शूटिंग में रचा इतिहास

Neeru Dhanda Gold Medal Asian Games 2026 : भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला ट्रैप शूटिंग के व्यक्तिगत मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। नीरू ने फाइनल में 30 में से 28 हिट के साथ पहला स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में यह भारत का पहला महिला व्यक्तिगत ट्रैप स्वर्ण पदक बताया गया है।

फाइनल मुकाबले में नीरू ने चीन की सुन युनोंग को पीछे छोड़ा। सुन युनोंग ने 26 हिट के साथ रजत पदक जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक 21 हिट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

नीरू ने फाइनल में लगातार सटीक निशाने लगाते हुए अपनी बढ़त बनाए रखी। उनके प्रदर्शन के दौरान एशियाई रिकॉर्ड भी बना। इससे पहले वह महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी हैं। व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण के साथ नीरू ने एशियन गेम्स में अपने पदकों की संख्या भी बढ़ाई है। (Neeru Dhanda Gold Medal Asian Games 2026)

किसान परिवार से निकलीं नीरू

हरियाणा के जींद में 25 मई 2000 को जन्मीं नीरू ढांडा किसान परिवार से आती हैं। 26 वर्षीय नीरू भारतीय शॉटगन निशानेबाज हैं और ट्रैप स्पर्धा में विशेषज्ञता रखती हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रदर्शन के चलते उन्होंने भारतीय ट्रैप शूटिंग में अपनी पहचान बनाई है।

नीरू ने 2022 में ओसिजेक में आयोजित ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद उन्होंने ISSF सर्किट में कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में हिस्सा लिया और फाइनल तक पहुंचने वाली निशानेबाजों में अपनी जगह बनाई।

28 सितंबर को भारत के खाते में आए 8 पदक

एशियन गेम्स 2026 में 28 सितंबर का दिन भारत के लिए पदकों के लिहाज से अहम रहा। इस दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक अपने नाम किए। इसके साथ भारत की पदक संख्या 45 पहुंच गई और मेडल टैली में भारत 12वें स्थान पर रहा।

अब 29 सितंबर को भी भारतीय खिलाड़ियों के सामने कई स्पर्धाओं में पदक जीतने का मौका है। एथलेटिक्स, शूटिंग, बॉक्सिंग, आर्चरी, टेनिस, साइकिलिंग, स्क्वैश, वॉलीबॉल, सेलिंग और कैनो स्लैलम में भारतीय खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। (Neeru Dhanda Gold Medal Asian Games 2026)

29 सितंबर को इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

एथलेटिक्स: पुरुष पोल वॉल्ट फाइनल में देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार उतरेंगे। महिला हाई जंप फाइनल में पूजा सिंह और सुप्रिया बसवराजू पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। 5000 मीटर में गुलवीर सिंह और अविनाश साबले भी भारत की दावेदारी पेश करेंगे। 800 मीटर में मोहम्मद अफसल और पूजा ओला मुकाबले में उतरेंगे। दिन का समापन मिक्स्ड 4×100 मीटर, महिला 4×400 मीटर और पुरुष 4×400 मीटर रिले से होगा।

शूटिंग: पुरुष ट्रैप में शपथ भारद्वाज, कायन चेनाई और अहवर रिजवी तथा महिला ट्रैप में नीरू, मनीषा कीर और आशीमा अहलावत हिस्सा लेंगी। क्वालिफिकेशन के बाद फाइनल में जगह बनाने वाले निशानेबाज पदक के लिए उतरेंगे।

बॉक्सिंग: महिला 65 किग्रा सेमीफाइनल में परवीन हुड्डा का मुकाबला चीन की ली शू से होगा। पुरुष 80 किग्रा सेमीफाइनल में अंकुश पांघाल और पुरुष 90 किग्रा सेमीफाइनल में नरेंद्र अपने-अपने मुकाबले खेलेंगे।

आर्चरी: पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत एलिमिनेशन राउंड में धीरज बोम्मादेवरा और नीरज चौहान, जबकि महिला वर्ग में कीर्ति और कुमकुम मोहोद चुनौती पेश करेंगी।

टेनिस: पुरुष सिंगल्स में दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल अपने दूसरे दौर के मुकाबले खेलेंगे। पुरुष डबल्स में युकी भांबरी-दक्षिणेश्वर सुरेश और अनिरुद्ध चंद्रशेखर-एन श्रीराम बालाजी की जोड़ियां उतरेंगी। मिक्स्ड डबल्स में अंकिता रैना और एन श्रीराम बालाजी की जोड़ी मुकाबला खेलेगी।

अन्य स्पर्धाएं: कैनो स्लैलम, कुराश, सेलिंग, स्क्वैश, सर्फिंग, ट्रैक साइक्लिंग और वॉलीबॉल में भी भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। पुरुष वॉलीबॉल में भारत का सामना कतर से होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!