Google Analytics —— Meta Pixel

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला, फायरिंग की सूचना से सनसनी

पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान में मंगलवार रात हुई तोड़फोड़ और कथित फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद कोचिंग सेंटर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:55 बजे 10 से 12 लोगों का एक समूह मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग परिसर में पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की, बैनर-पोस्टर फाड़े और ईंट-पत्थर चलाए। इस दौरान फायरिंग किए जाने की भी सूचना सामने आई, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना में कोचिंग संस्थान में तैनात एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया कि उनके कोचिंग संस्थान को निशाना बनाने के पीछे कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालकों का हाथ हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि कम फीस और बेहतर परिणामों के कारण कुछ लोग उनसे नाराज हैं तथा उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब 11:15 बजे घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं खान सर भी घटना के कुछ समय बाद कोचिंग सेंटर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पटना की एसपी दीक्षा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पोस्टर को लेकर विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 लोग मौके पर पहुंचे थे, लेकिन गोली चलने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

घटना के बाद एहतियातन कोचिंग संस्थान के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़े :- विकास, विश्वास और सुशासन का सेतु बना कोण्डापल्ली का बेली ब्रिज

Back to top button
error: Content is protected !!