टोटके से सोने की बाली खोजना पड़ा भारी: शिक्षिका सस्पेंड, वीडियो वायरल होने पर DEO की बड़ी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला काठापाली में पदस्थ शिक्षिका गीता कुंभकार को निलंबित कर दिया गया है। स्कूल परिसर में अपनी सोने की बाली गुम होने पर अंधविश्वास और टोटके का सहारा लेने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने यह निलंबन आदेश जारी किया है।
क्या है पूरा मामला?
31 जुलाई को शिक्षिका के कान की सोने की बाली गुम हो गई थी, जिसे ढूंढने के लिए उन्होंने अंधविश्वास का सहारा लिया। शिक्षिका ने स्कूल में लाल कपड़ा, मौली धागा, नारियल और चावल जैसी सामग्री का उपयोग कर बच्चों के सामने टोटका किया और उनसे पूछताछ की।
हद तो तब हो गई जब शिक्षिका ने बच्चों को डराते हुए कहा कि यदि किसी को बाली के बारे में पता है और वह नहीं बता रहा है, तो उसे पेट दर्द, गंभीर बीमारी, बुखार जैसी अनहोनी का सामना करना पड़ेगा।
शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई
शिक्षिका के इस गैर-जिम्मेदाराना कृत्य और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गलत असर को देखते हुए वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच के उपरांत जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।




