बांग्लादेश में 20 साल बाद सत्ता परिवर्तन, तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय, BNP की सत्ता में वापसी

Bangladesh General Election 2026: बांग्लादेश में गुरुवार को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी BNP ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। 299 सीटों वाली संसद में से अब तक घोषित 286 सीटों के परिणामों में BNP ने 209 सीटें जीत ली हैं, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 150 के आंकड़े से कहीं ज्यादा है। इस जीत के साथ देश में करीब 20 सालों बाद BNP की सत्ता में वापसी तय हो गई है। 2008 से 2024 तक देश की बागडोर आवामी लीग और उसकी नेता शेख हसीना के हाथों में रही थी।
यह भी पढ़ें:- भूपेश की जरूरत न छत्तीसगढ़ को, न भाजपा को”- केदार कश्यप का तीखा पलटवार, सियासत गरमाई
BNP की जीत के साथ पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने दो सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों पर जीत हासिल की। वे पिछले साल दिसंबर में 17 साल के लंबे प्रवास के बाद ब्रिटेन से स्वदेश लौटे थे। अगर वे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हैं तो बांग्लादेश को 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री मिलेगा। इससे पहले 1988 में काजी जफर अहमद प्रधानमंत्री बने थे। 1991 से 2024 तक देश की राजनीति में शेख हसीना और खालिदा जिया का दबदबा रहा और दोनों ही बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनती रहीं। (Bangladesh General Election 2026)
मतदान के दौरान हिंसा, कई जगह झड़पें
जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को अब तक 70 सीटें मिली हैं। जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका-15 सीट से जीत दर्ज की है। चुनाव के दौरान कई हिस्सों में हिंसा और झड़पों की घटनाएं सामने आई। खुलना में एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई। मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर क्षेत्र में मतदान केंद्रों के बाहर देसी बम फेंके गए। गोपालगंज में हुए धमाके में तीन लोग घायल हो गए। बांग्लादेश चुनाव पर भारत ने सावधानीपूर्ण रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अंतिम परिणाम आने के बाद ही जनादेश की प्रकृति पर टिप्पणी की जाएगी।
NCP ने नतीजों में गड़बड़ी का लगाया आरोप
नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) ने चुनाव परिणामों में हेरफेर की आशंका जताई है। पार्टी के प्रवक्ता आसिफ महमूद सजीब भुइयां ने ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि गलत वोटों की गिनती कर BNP उम्मीदवारों को जिताने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दावा किया कि ढाका-15 सीट पर 20 हजार वोटों का अंतर रहते हुए भी BNP उम्मीदवार ने सोशल मीडिया पर खुद को विजेता घोषित कर दबाव बनाने का प्रयास किया। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने चुनाव को पूरी तरह दिखावटी और पूर्व-निर्धारित बताया। उनका कहना है कि अंतरिम सरकार ने असंवैधानिक तरीके से सत्ता संभालकर यह चुनाव कराया और इसमें लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं किया गया। (Bangladesh General Election 2026)
भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर नई चर्चा
शेख हसीना ने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर कब्जा, फायरिंग, पैसे बांटने और बैलेट पेपर पर जबरन मुहर लगाने जैसी घटनाएं हुई। आवामी लीग को चुनाव में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई थी। चुनाव आयोग ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में पार्टी की कथित भूमिका को इसका कारण बताया था। बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी चर्चा तेज हो गई है। बांग्लादेश में भारत की पूर्व उच्चायुक्त वीना सीकरी का मानना है कि तारिक रहमान दोनों देशों के रिश्तों को रीसेट करने में सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं। उनके अनुसार लोकतंत्र की बहाली, पूर्व समझौतों को जारी रखने और भारत के पूर्वोत्तर से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर सहयोग जैसे विषयों पर नई सहमति बन सकती है।
कौन हैं तारिक रहमान ?
- जन्म: 20 नवंबर 1967, ढाका
- पार्टी: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP)
- पद: कार्यकारी अध्यक्ष
- पिता: जियाउर रहमान (पूर्व राष्ट्रपति, BNP संस्थापक)
- माता: खालिदा जिया (पूर्व प्रधानमंत्री)
तारिक रहमान राजनीतिक सफर
- 1980-90 के दशक में छात्र राजनीति से शुरुआत
- संगठनात्मक स्तर पर पार्टी को मजबूत किया
- 2007-08 में भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल
- 2008 में लंदन गए, जहां लंबे समय तक रहे
- 2018 से कार्यकारी अध्यक्ष
- 2025 में स्वदेश वापसी



